हरियाणा में दूध सप्लाई कर लौट रहे पिता-पुत्र की गाड़ी ट्रक में घुसी, बेटे की मौ*त

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में दूध सप्लाई कर लौट रहे पिता-पुत्र की गाड़ी ट्रक में घुस गई। हादसे में 21 वर्षीय प्रिंस की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए।

हरियाणा में  दूध सप्लाई कर लौट रहे पिता-पुत्र की गाड़ी ट्रक में घुसी, बेटे की मौ*त

दूध सप्लाई कर लौट रहे पिता-पुत्र की गाड़ी ट्रक में घुसी

21 वर्षीय इकलौते बेटे प्रिंस की मौत, पिता घायल

कुरुक्षेत्र में केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला गया

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय प्रिंस की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दोनों दूध सप्लाई कर पंचकूला से अपने गांव लौट रहे थे।

मृतक की पहचान प्रिंस निवासी गांव कलवेहड़ी, जिला करनाल के रूप में हुई है। प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार रामसरूप (53) अपनी अशोक लेलैंड गाड़ी के जरिए मदर डेयरी के बूथों पर दूध सप्लाई करने का काम करते हैं। वह नियमित रूप से करनाल से पंचकूला तक दूध पहुंचाते हैं।

30 मई की रात करीब एक बजे रामसरूप अपने बेटे प्रिंस के साथ दूध लेकर पंचकूला के लिए रवाना हुए थे। प्रिंस अपने पिता के साथ हेल्पर के रूप में काम करता था।

दूध सप्लाई करने के बाद दोनों रविवार सुबह वापस अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब वे शाहाबाद क्षेत्र में नौ गजा पीर के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।

अचानक ब्रेक लगने के कारण उनकी गाड़ी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों पिता-पुत्र केबिन में बुरी तरह फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीम भी पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी का दरवाजा तोड़ा गया और केबिन का हिस्सा काटकर दोनों को बाहर निकाला गया।

घायलों को एंबुलेंस की मदद से आदेश अस्पताल, मोहड़ी पहुंचाया गया। वहां प्रिंस की हालत गंभीर होने के कारण उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, करनाल रेफर कर दिया गया।

हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके पिता रामसरूप को हादसे में अपेक्षाकृत मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

शाहाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।