हरियाणा- 200 साल पुराने मंदिर की गुंबद ढही, सेवादार की मौ*त

कुरुक्षेत्र के बाबैन स्थित 200 साल पुराने नागेश्वर महादेव मंदिर की 108 फुट ऊंची गुंबद गिरने से सेवादार नटराजन गिरी की मौत हो गई। हादसे में गर्भगृह को भी नुकसान पहुंचा।

कुरुक्षेत्र के 200 साल पुराने नागेश्वर महादेव मंदिर की 108 फुट ऊंची गुंबद ढही

मलबे में दबने से मंदिर के सेवादार नटराजन गिरी की मौत

गर्भगृह को भी नुकसान, शिवलिंग और प्रतिमाएं मलबे के नीचे दबीं

कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन स्थित करीब 200 साल पुराने उप-ज्योर्तिलिंग नागेश्वर महादेव मंदिर में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। मंदिर की करीब 108 फुट ऊंची गुंबद अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मंदिर के सेवादार नटराजन गिरी की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं मंदिर के गर्भगृह को भी नुकसान पहुंचा है।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक नटराजन गिरी पिछले करीब पांच वर्षों से मंदिर में रहकर सेवा कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार नटराजन गिरी मंदिर के बाहर बगल में चारपाई पर सो रहा था। रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक मंदिर की विशाल गुंबद भरभराकर गिर गई। गुंबद का मलबा उसके ऊपर आ गिरा, जिससे वह नीचे दब गया।

गुंबद गिरने की तेज आवाज सुनकर मंदिर के पुजारी और अन्य सेवादार मौके पर पहुंचे। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में जुट गए। सभी ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया।

पुजारियों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और नटराजन गिरी को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

हादसे में मंदिर परिसर में बने एक कमरे की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मंदिर के गर्भगृह में भी भारी मात्रा में मलबा भर गया है। शिवलिंग और अन्य प्रतिमाएं मलबे के नीचे दब गई हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक नागेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर करीब 200 वर्ष पुराना है और यहां स्थापित शिवलिंग को स्वयंभू माना जाता है। लगभग 20 वर्ष पहले मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था।

बताया जा रहा है कि मंदिर की विशाल गुंबद करीब चार इंच मोटी दीवार पर खड़ी थी। गुंबद गिरने के बाद मंदिर के अंदर नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है। मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधि कैलाश सैनी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।