हरियाणा पुलिस की CIA-1 टीम और नोनी राणा गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़, एक गुर्गे को लगी गोली
CIA-1 टीम और नोनी राणा गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़, शूटर अमन कुमार दोनों टांगों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने बाइक और तमंचा बरामद कर लिए
➤ मुठभेड़ में नोनी राणा गैंग शूटर घायल
➤ शराब ठेकों पर फायरिंग बाइक और तमंचा बरामद
➤ दोनों टांगों में गोली अस्पताल में भर्ती
कुरुक्षेत्र जिले में शुक्रवार रात पुलिस की CIA-1 टीम और नोनी राणा गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ लाडवा-रादौर रोड पर करीब रात 8 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, गैंग के शूटर अमन कुमार निवासी जैनपुर (लाडवा) को जवाबी कार्रवाई में दोनों टांगों में गोली लगी। टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया और लाडवा सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अमन अपने साथियों के साथ पिछले दिनों यमुनानगर और लाडवा में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। बीते रविवार को अमन और उसके दो साथियों ने यमुनानगर के बरनाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर फायरिंग की थी। इसके करीब तीन घंटे बाद उन्होंने लाडवा बस स्टैंड के पास शराब ठेके पर गोलीबारी की और गन लहराते हुए फरार हो गए। उस दौरान आरोपियों ने वारदात के लिए इस्तेमाल की गई बाइक भी गन प्वाइंट पर छीनी थी।
CIA-1 टीम के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि यमुनानगर और लाडवा फायरिंग में शामिल शूटर सोंटी गांव के जंगल के पास घूम रहा है। जब टीम मौके पर पहुँची तो आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने हथियार डालने से इंकार कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिनमें आरोपी की दोनों टांगों पर चोट लगी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया और सरकारी अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और बाइक बरामद की है। फिलहाल पुलिस उसके दो अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है और उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Akhil Mahajan