हरियाणा में हादसा: जाट महासभा के प्रदेश महासचिव समेत तीन की मौत
महेंद्रगढ़ के NH-152D पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कार हादसा हुआ। राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
- महेंद्रगढ़ NH-152D पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा
- जाट महासभा के प्रदेश महासचिव समेत तीन की मौत
- अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार गंभीर रूप से घायल हुए
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे नंबर 152D पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यह हादसा गांव बूचावास के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के रहने वाले तीन लोग कार से सफर कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार बूचावास के पास पहुंची, सामने से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से कनीना के उप नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो घायलों को मृत घोषित कर दिया।
तीसरे घायल की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। हालांकि, वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश महासचिव खेम सिंह चौधरी निवासी भरतपुर, रमेशचंद मीणा निवासी विराटनगर, और भागचंद मीणा के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
Akhil Mahajan