मनाली में झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत

मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। दोस्तों के साथ घूमने आया था, पोस्टमार्टम के बाद ही कारण स्पष्ट होगा।

मनाली में झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत

मनाली में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत
दोस्तों संग घूमने आया था, होमस्टे में बिगड़ी तबीयत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा मौत का कारण


हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताने मनाली आया था, लेकिन यह यात्रा उसके जीवन की आखिरी साबित हुई। घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।

पुलिस के अनुसार वीर सोरेन, पुत्र बाबूलाल सोरेन, 22 फरवरी को अपने मित्र अग्नय वर्मा (उत्तर प्रदेश निवासी) और अन्य साथियों के साथ मनाली पहुंचा था। सभी सिमसा क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को समूह सोलंग और सेथन घूमने गया और शाम को वापस होमस्टे लौट आया।

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे लौटने के बाद वीर सोरेन आराम करने के लिए कमरे में सो गया। साथियों के अनुसार जब उसे उठाया गया तो उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से दवाई मंगवाकर उसे दी गई।

करीब 2:30 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। साथी अंदर पहुंचे तो वह बिस्तर से नीचे गिरा हुआ मिला। उसे तुरंत सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बेहद गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने काफी देर तक सीपीआर दी, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि शव को मनाली के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।