मनु भाकर ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों की सलामती के लिए भगवान से दुआ मांगते हुए शेयर की पोस्ट

ओलिंपिक स्टार मनु भाकर ने पंजाब में बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हिम्मत बनाए रखने का संदेश दिया।

मनु भाकर ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों की सलामती के लिए भगवान से दुआ मांगते हुए शेयर की पोस्ट

➤ मनु भाकर ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रार्थना की
➤ सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर लोगों की सलामती की कामना की
➤ 23 जिलों के 3.84 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित

ओलिंपिक में भारत को डबल ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाली और खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित मनु भाकर ने पंजाब में आई भीषण बाढ़ के बीच वहां के लोगों के लिए विशेष संदेश साझा किया है। झज्जर जिले के गांव गोरिया की बेटी मनु भाकर ने अपने X हैंडल पर पोस्ट करते हुए बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा और सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों से जुड़ी एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें लोग अपने पशुओं को पानी से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

मनु भाकर ने शेयर की बाढ़ पीड़ितों की फोटो।

मनु भाकर ने लिखा कि "मैं इस कठिन समय में पंजाब के लोगों के लिए प्रार्थना करती हूँ कि वे दृढ़ रहें और इस विपदा से उभर सकें। मेरी दिल से प्रार्थनाएं हैं कि सभी लोग सुरक्षित रहें।"

पंजाब इस समय भीषण बाढ़ संकट से जूझ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में फ्लैश अलर्ट जारी किया है। बाढ़ ने 23 जिलों के 1948 गांवों को प्रभावित किया है और लगभग 3.84 लाख लोग इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ चुके हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य NDRF और प्रशासन की टीमें लगातार चला रही हैं।

इस हालात में देश-विदेश से मदद और दुआएं मिल रही हैं, वहीं ओलिंपिक स्टार मनु भाकर का यह मानवीय संदेश प्रभावितों के लिए संबल का काम कर रहा है।