सावधान! ‘Microsoft Recovery Code’ वाला मेल पड़ सकता है भारी, एक क्लिक में हैक हो सकता है अकाउंट
‘Microsoft Recovery Code’ नाम से फैल रहे नए फिशिंग स्कैम से साइबर विशेषज्ञों ने अलर्ट जारी किया है। जानिए ऐसे मेल से कैसे बचें और अकाउंट को सुरक्षित कैसे रखें।
'Microsoft Recovery Code' ईमेल के जरिए फैल रहा नया फिशिंग स्कैम
गलती से लिंक पर क्लिक करते ही हैक हो सकता है अकाउंट
साइबर एक्सपर्ट्स ने ऐसे मेल तुरंत डिलीट करने की सलाह दी
इंटरनेट पर इन दिनों एक नया फिशिंग स्कैम तेजी से फैल रहा है। साइबर ठग अब लोगों को निशाना बनाने के लिए ‘Microsoft Single Use Recovery Code’ नाम से फर्जी ईमेल भेज रहे हैं। यह स्कैम इतना चालाकी से तैयार किया गया है कि कई लोग इसे असली माइक्रोसॉफ्ट मेल समझकर गलती कर बैठते हैं। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि एक छोटी सी लापरवाही आपके पूरे ईमेल अकाउंट और निजी डेटा को खतरे में डाल सकती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook और Reddit पर बड़ी संख्या में यूजर्स इस संदिग्ध ईमेल के स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं। मेल में दावा किया जाता है कि आपके माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट के लिए एक ‘सिंगल यूज रिकवरी कोड’ तैयार किया गया है। इसके साथ एक लिंक भी दिया जाता है, जिस पर क्लिक करने के लिए यूजर को उकसाया जाता है।
असल में यह कोई सामान्य ईमेल नहीं, बल्कि साइबर अपराधियों द्वारा बिछाया गया जाल है। इसका मकसद लोगों की लॉगिन डिटेल, पासवर्ड और निजी जानकारी चुराना होता है। जैसे ही यूजर लिंक पर क्लिक करता है, उसे एक नकली वेबसाइट पर ले जाया जाता है, जहां उसकी जानकारी हैकर्स तक पहुंच सकती है।
“मेरा तो Microsoft अकाउंट ही नहीं है”
कई लोग यह सोचकर लापरवाही कर देते हैं कि वे सिर्फ Gmail या किसी अन्य ईमेल सेवा का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यह खतरा उनसे जुड़ा नहीं है। लेकिन साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, असली खतरा यहीं छिपा है।
दुनियाभर की हजारों कंपनियां और बिजनेस अपने प्रोफेशनल ईमेल सिस्टम के लिए Outlook और माइक्रोसॉफ्ट सर्वर का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में भले ही आपका ईमेल आपकी कंपनी के डोमेन पर हो, लेकिन बैकएंड में वह माइक्रोसॉफ्ट सिस्टम से जुड़ा हो सकता है।
ऐसा मेल आए तो क्या करें?
अगर आपके इनबॉक्स में भी ऐसा कोई मेल आता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे जरूरी बात यह है कि मेल में दिए गए किसी भी लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक न करें।
साइबर विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि ऐसे मेल का जवाब न दें और तुरंत डिलीट कर दें। यदि आपने अभी तक किसी लिंक पर क्लिक नहीं किया है, तो आपका अकाउंट सुरक्षित माना जाएगा।
इसके अलावा अपने ईमेल अकाउंट पर Two-Factor Authentication (2FA) जरूर चालू रखें और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें। इससे साइबर हमले का खतरा काफी कम हो जाता है।
shubham