हिमाचल में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन,धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन और कुल्लू में सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्र और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।

हिमाचल में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन,धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

हिमाचल में सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़कों पर उतरे छात्र-युवा
■ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NTA को भंग करने की मांग
■ शिमला, सोलन और कुल्लू में प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

शिमला। पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में छात्र, युवा और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किए। शिमला, सोलन और कुल्लू समेत विभिन्न स्थानों पर रैलियां और धरने आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदर्शनकारियों ने सोनम वांगचुक की रिहाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सोलन में बारिश के बीच प्रदर्शन

सोलन में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र, युवा, किसान और मजदूर प्रदर्शन में शामिल हुए। सीटू, एसएफआई और अन्य सामाजिक संगठनों ने चिल्ड्रन पार्क से पुराने विश्राम गृह तक रोष रैली निकाली।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता की मांग की।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित: मोहित वर्मा

सीटू के जिला महासचिव मोहित वर्मा ने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक को जबरन हटाया गया, जिसके विरोध में देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

शिमला में युवाओं का धरना

राजधानी शिमला में शेर-ए-पंजाब के पास युवाओं ने धरना दिया और 'सोनम वांगचुक जिंदाबाद' तथा 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

कुल्लू में डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

कुल्लू में डीसी कार्यालय के बाहर सीटू और सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं में निराशा बढ़ रही है और सरकार को इस पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने सोनम वांगचुक की रिहाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि छात्रों और युवाओं की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई समय की सबसे बड़ी जरूरत है।