6 दिन की तपिश के बाद बदला मौसम का मिजाज... 8 जिलों में झमाझम बारिश, अब पूरे हरियाणा पर मेहरबान होगा मानसून

हरियाणा के 8 जिलों में बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होने और 24 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।

6 दिन की तपिश के बाद बदला मौसम का मिजाज... 8 जिलों में झमाझम बारिश, अब पूरे हरियाणा पर मेहरबान होगा मानसून

➤ 8 जिलों में बारिश से गर्मी और उमस से मिली बड़ी राहत
➤ अगले 24 घंटे में पूरे हरियाणा में फिर एक्टिव होगा मानसून
➤ 24 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, किसानों के लिए राहत की खबर


नारनौल/चंडीगढ़। हरियाणा में पिछले छह दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद सोमवार को मौसम ने राहत की सौगात दी। अंबाला, पंचकूला, फरीदाबाद, यमुनानगर, फतेहाबाद, करनाल और सोनीपत समेत कई जिलों में बारिश हुई, जबकि पानीपत में दोपहर बाद काले बादल छा गए और कई इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो जाएगा और बारिश का दायरा तेजी से बढ़ेगा।

सोनीपत में शाम को तेज बारिश हुई।

20 से 24 जुलाई तक बारिश का दौर रहेगा जारी

IMD चंडीगढ़ केंद्र ने 20 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 24 जुलाई तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश भी हो सकती है।

पानीपत में दोपहर को काले बादल छाए। कई जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई।

पानीपत में छाए काले बादल, कई जिलों में झमाझम बारिश

सोमवार को सोनीपत में तेज बारिश हुई, जबकि यमुनानगर में अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई। अंबाला में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। पानीपत में दोपहर बाद घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई।

यमुनानगर में अचानक तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

रोहतक सबसे गर्म, लेकिन अब गिरेगा तापमान

रविवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि इसमें पिछले दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। रोहतक सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं नारनौल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम बदलने की वजह क्या है?

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

किसानों के लिए राहत की बारिश

मानसून की वापसी खरीफ फसलों के लिए राहत लेकर आई है। कई जिलों में बारिश की कमी के कारण बाजरा समेत अन्य फसलें प्रभावित हो रही थीं। अब होने वाली बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।