प्रॉपर्टी डीलर से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 10 करोड़ की रंगदारी मांगी
मोहाली के एक नामी प्रॉपर्टी डीलर को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने की धमकी मिली। पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मोहाली के प्रॉपर्टी डीलर से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 10 करोड़ की रंगदारी मांगने का दावा
धमकी भरी कॉल के बाद पुलिस ने रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर जांच शुरू की
कॉल के बाद सहमा कारोबारी, सार्वजनिक गतिविधियों से बनाई दूरी
मोहाली में गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी मांगने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार शहर के एक नामी प्रॉपर्टी डीलर को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि संबंधित कारोबारी का राजनीतिक कनेक्शन भी है और वह कई कांग्रेस नेताओं का करीबी माना जाता है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को उस कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंप दी है, जिसमें कथित तौर पर रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस अब रिकॉर्डिंग, मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल के आधार पर तकनीकी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार कारोबारी के मोबाइल फोन पर आई कॉल में कॉलर ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया। कॉल करने वाले ने पहले कारोबारी का नाम लिया और फिर उसके एक बेहद करीबी व्यक्ति का जिक्र किया। इससे कारोबारी घबरा गया, क्योंकि कॉल करने वाले को उसकी निजी जानकारियां भी पता थीं।
बताया जा रहा है कि कारोबारी ने जवाब में कहा कि उसके पास इतनी बड़ी रकम नहीं है और वह मेहनत से काम करके कमाई करता है। इस पर कॉल करने वाले ने धमकी भरे लहजे में कहा कि जल्द पैसों का इंतजाम कर लो, नहीं तो गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना।
धमकी मिलने के बाद प्रॉपर्टी डीलर ने तुरंत पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल वास्तव में किसी गैंगस्टर नेटवर्क से की गई थी या फिर किसी ने गैंगस्टर का नाम लेकर डराने और पैसे ऐंठने की कोशिश की।
पुलिस इस मामले की जांच कई एंगल से कर रही है। अधिकारियों को शक है कि कहीं यह मामला पुलिस सिक्योरिटी हासिल करने के उद्देश्य से तो नहीं बनाया गया। दरअसल पंजाब सरकार ने हाल ही में सुरक्षा प्राप्त लोगों की समीक्षा प्रक्रिया शुरू की है। सरकार ने यह जांच करने के निर्देश दिए हैं कि किन लोगों को किस आधार पर सुरक्षा दी गई थी और उसके पीछे क्या कारण थे।
सूत्रों के मुताबिक धमकी भरी कॉल आने के बाद संबंधित प्रॉपर्टी डीलर काफी डरा हुआ है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी सार्वजनिक गतिविधियां लगभग बंद कर दी हैं। जो कारोबारी पहले पूरे दिन शहर में एक्टिव रहता था, वह अब घर से बाहर निकलने से भी बच रहा है।
प्रॉपर्टी कारोबार, जमीनों के सौदों और मीटिंग्स को लेकर उसकी शहर में लगातार आवाजाही रहती थी। राजनीतिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में भी उसकी मौजूदगी आम बात मानी जाती थी। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह न ऑफिस जा रहा है और न ही सार्वजनिक जगहों पर दिखाई दे रहा है।
करीबी लोगों के अनुसार कारोबारी ने अपनी मूवमेंट सीमित कर दी है और केवल बेहद जरूरी लोगों से ही संपर्क कर रहा है। यहां तक कि कारोबार से जुड़ी कई मीटिंग्स भी रद्द कर दी गई हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
pooja