सेवा-पानी के नाम पर मांगी रिश्वत, CBI ने पकड़ा पंजाब का DIG हरचरण भुल्लर
CBI ने पंजाब पुलिस के DIG हरचरण भुल्लर को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया। “सेवा-पानी” के नाम पर स्क्रैप कारोबारी से 8 लाख रुपए मांगने का आरोप। चंडीगढ़ कोठी से मिला 5 करोड़ कैश और गहने, वॉट्सऐप कॉल रिकॉर्डिंग बनी गिरफ्तारी की कुंजी।
➤ पंजाब पुलिस के DIG हरचरण भुल्लर ने सेवा पानी के नाम पर मांगी रिश्वत
➤ CBI ने वॉट्सऐप कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर की गिरफ्तारी
➤ चंडीगढ़ स्थित कोठी से मिला 5 करोड़ कैश, लग्जरी कारें और गहने बरामद
पंजाब पुलिस के DIG हरचरण भुल्लर पर रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। CBI ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और उनकी चंडीगढ़ कोठी से 5 करोड़ रुपए कैश, कई लग्जरी गाड़ियां और भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं। सीबीआई की जांच में यह खुलासा हुआ है कि DIG भुल्लर ने सेवा-पानी के नाम पर रिश्वत मांगी, ताकि एक स्क्रैप कारोबारी के खिलाफ दर्ज FIR को रफा-दफा किया जा सके।
FIR की कॉपी में साफ लिखा गया है कि DIG भुल्लर ने अपने बिचौलिए कृष्नु के जरिए रिश्वत की मांग की थी। CBI की चंडीगढ़ यूनिट में दर्ज केस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी आकाश बत्ता ने शिकायत दी कि DIG ने उससे “सेवा-पानी” के नाम पर मंथली पेमेंट मांगी थी। बत्ता ने आरोप लगाया कि DIG ने कहा था कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उसे झूठे केस में फंसा दिया जाएगा।
CBI की जांच में पता चला कि DIG भुल्लर ने कृष्नु को वॉट्सऐप कॉल कर कहा — “8 फड़ने ने 8, जिन्ने दिंदा नाल नाल फड़ी चल, ओहनूं कह दे 8 कर दे पूरा।” यानी 8 लाख रुपए रिश्वत की डील तय हुई थी। कॉल रिकॉर्डिंग की जांच में पाया गया कि जिस नंबर से बात हुई वह DIG भुल्लर का ही था। इसके बाद CBI ने DIG भुल्लर और उनके बिचौलिए कृष्नु को गिरफ्तार कर लिया।
आकाश बत्ता ने शिकायत में बताया कि 2023 में सरहिंद थाने में उसके खिलाफ एक केस दर्ज हुआ था। इस केस में अब तक चालान पेश नहीं हुआ था। अगस्त 2025 में DIG का करीबी कृष्नु उसके पास आया और कहा कि DIG उसके केस को “सुलझाने” के लिए सेवा-पानी (रिश्वत) चाहते हैं। पहले 1 लाख रुपए टोकन अमाउंट मांगा गया, लेकिन बत्ता ने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद DIG भुल्लर ने उसे अपने ऑफिस बुलाया और कहा कि अगर वह शांतिपूर्वक बिजनेस चलाना चाहता है, तो उसे हर महीने “सेवा-पानी” देना होगा।
बत्ता ने बताया कि 8 अक्टूबर को कृष्नु ने फिर संपर्क किया और कहा कि 4 लाख रुपए लेकर चंडीगढ़ आओ। लेकिन बत्ता ने पैसे नहीं दिए और सीधा CBI को शिकायत कर दी। शिकायत के बाद CBI ने जाल बिछाया और साक्ष्य जुटाने के बाद DIG को गिरफ्तार कर लिया।
CBI टीम ने जब DIG भुल्लर की कोठी की तलाशी ली, तो वहां से तीन बैग और एक अटैची में भरा हुआ कैश मिला, जिसकी कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। साथ ही कीमती गहने और लग्जरी कारें भी बरामद हुई हैं। फिलहाल CBI ने DIG को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कितने मामलों में उन्होंने इसी तरह रिश्वत वसूली की और किन अधिकारियों व कारोबारियों से उनका संपर्क था।
DIG हरचरण भुल्लर की गिरफ्तारी ने पंजाब पुलिस के सिस्टम और इमेज पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, CBI को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान रिश्वतखोरी के और बड़े नेटवर्क का खुलासा होगा।
Author1