मुर्रा भैंस 'राधा' ने रेश्‍मा का वर्ल्‍ड रिकार्ड तोड़ा, 35.669 किलोग्राम दूध देकर रचा इतिहास

हिसार जिले के सिंघवा खास गांव की मुर्रा भैंस 'राधा' ने 35.669 किलोग्राम दूध देकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। पशुपालक ईश्वर सिंघवा की भैंस ने कैथल की 'रेशमा' का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।

मुर्रा भैंस 'राधा' ने रेश्‍मा का वर्ल्‍ड रिकार्ड  तोड़ा,   35.669 किलोग्राम दूध देकर रचा इतिहास

➤ सिंघवा खास की मुर्रा भैंस 'राधा' ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
35.669 किलोग्राम दूध देकर तोड़ा पुराना रिकॉर्ड
➤ पशुपालक ईश्वर सिंघवा और गांव का नाम हुआ रोशन


हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के सिंघवा खास गांव की मुर्रा नस्ल की भैंस 'राधा' ने दूध उत्पादन में नया विश्व रिकॉर्ड बनाकर प्रदेश का मान बढ़ा दिया है। पशुपालक ईश्वर सिंघवा की इस भैंस ने प्रतियोगिता के दौरान 35.669 किलोग्राम दूध दिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड कैथल जिले के बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी नरेश की भैंस 'रेशमा' के नाम था, जिसने 33.800 किलोग्राम दूध दिया था। 'राधा' ने पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह प्रतियोगिता पशुपालन विभाग द्वारा सिंघवा खास गांव के पशु अस्पताल में आयोजित की गई।

पशुपालक ईश्वर सिंघवा और उनके पिता रिटायर्ड पीटीआई होशियार सिंह लंबे समय से मुर्रा भैंस पालन में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। ईश्वर ने बताया कि उन्होंने 'राधा' को फतेहाबाद जिले के कन्नड़ी गांव से खरीदा था। 'राधा' को खरीदने के लिए अब तक 15 लाख रुपये तक के प्रस्ताव मिल चुके हैं, लेकिन ईश्वर सिंघवा ने साफ किया कि विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद वह इसे नहीं बेचेंगे।

कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रविंद्र सेहरावत, हांसी एसडीओ डॉ. जगबीर ढांडा, डॉ. प्रदीप, वीएलडीए प्रदीप, सरपंच ओमप्रकाश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। 'राधा' की इस उपलब्धि से न केवल ईश्वर और उनका परिवार, बल्कि पूरे सिंघवा खास गांव में जश्न और गर्व का माहौल है।