मुरथल से परांठे खाकर लौट रहे 7 दोस्तों का एक्सीडेंट़़, दो की मौत
सोनीपत के NH-44 पर मुरथल से लौट रहे 7 दोस्तों की कार डिवाइडर से टकराई, जिसमें 2 युवकों की मौत और 5 घायल हुए।
■ मुरथल से लौटते समय कार डिवाइडर से टकराई, 2 की मौके पर मौत
■ दिल्ली से परांठे खाने निकले थे 7 दोस्त, 5 घायल
■ एक की होने वाली थी शादी, घर में पसरा मातम
मुरथल के मशहूर परांठों का स्वाद लेने निकले 7 दोस्तों का सफर एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर राई थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार चला रहे बिलाल और उसके दोस्त विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी पांच साथी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के चांद बाग भजनपुरा इलाके के रहने वाले मोहम्मद अकरम का भतीजा बिलाल अपने छह दोस्तों के साथ रात करीब 1 बजे मुरथल परांठे खाने के लिए निकला था। सभी दोस्तों ने मुरथल में खाना खाने के बाद दिल्ली लौटना शुरू किया, लेकिन राई थाना क्षेत्र के पास पहुंचते ही अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो युवकों की जान चली गई।
हादसे में जान गंवाने वाले बिलाल की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। परिवार के अनुसार उसकी एक साल पहले सगाई हुई थी और जल्द ही शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और अब परिवार में मां, भाई और बहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं दूसरे मृतक विशाल, जिसकी उम्र करीब 24 साल थी, के घर भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है, जिसमें शुरुआती तौर पर गाड़ी के अचानक बेकाबू होने की बात सामने आई है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही भरी ड्राइविंग के खतरों की याद दिलाता है, जहां एक छोटी सी चूक जिंदगी भर का दर्द दे जाती है।
Akhil Mahajan