मोहिनी सिनेमा में आग,मची अफरा-तफरी
नारनौल के मोहिनी सिनेमा हॉल में रिनोवेशन के दौरान आग लग गई। वेल्डिंग की चिंगारी से हादसा हुआ, संकरी गली के कारण दमकल को पहुंचने में दिक्कत आई।
- नारनौल के मोहिनी सिनेमा हॉल में लगी आग से हड़कंप
- वेल्डिंग के दौरान फोम में लगी चिंगारी से भड़की आग
- संकरी गली के कारण दमकल को पहुंचने में हुई दिक्कत
नारनौल — हरियाणा के नारनौल में पुराने मोहिनी सिनेमा हॉल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय हॉल के अंदर मजदूर मौजूद थे, जो रिनोवेशन का काम कर रहे थे।
यह सिनेमा हॉल नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी का प्रतिष्ठान बताया जा रहा है। हॉल पिछले करीब 2 साल से बंद पड़ा था और अब इसे नया रूप देने के लिए काम चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, वेल्डिंग के दौरान फोम पर चिंगारी गिरने से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने अंदर के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और ऊपरी मंजिल से धुआं उठने लगा।
घटना शुक्रवार सुबह करीब पौने 11 बजे की बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद करीब 11 बजे दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, मोहिनी गली संकरी होने के कारण गाड़ियां अंदर तक नहीं जा सकीं।
ऐसे में एक गाड़ी को नगर परिषद की ओर और दूसरी को रेवाड़ी रोड की तरफ खड़ा करना पड़ा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने दूरी से पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी दमकल टीम की मदद की।
बताया जा रहा है कि इस सिनेमा हॉल को मल्टीप्लेक्स में बदला जा रहा था। अंदर फर्नीचर और अन्य निर्माण कार्य चल रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोजाना मजदूर यहां काम करने आते हैं। आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय कुछ मजदूर अंदर हो सकते थे। उन्हें तलाशने का प्रयास भी किया गया।
फिलहाल, आग से हुए नुकसान और अंदर मौजूद लोगों की स्थिति को लेकर जांच जारी है।
pooja