एनकाउंटर :पैर में गोली लगने से घायल हिस्‍ट्रीशीटर गिरफ्तार, बुलेटप्रूफ जैकेट से बचे CIA इंचार्ज; आरोपी पर 27 मुकदमे

महेंद्रगढ़ के नारनौल में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि CIA इंचार्ज बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण सुरक्षित रहे। दो आरोपी गिरफ्तार।

एनकाउंटर :पैर में गोली लगने से घायल हिस्‍ट्रीशीटर गिरफ्तार, बुलेटप्रूफ जैकेट से बचे CIA इंचार्ज; आरोपी पर 27 मुकदमे
  • नारनौल रेलवे स्टेशन पर पुलिस–हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़, आरोपी ने CIA इंचार्ज पर किया फायर
  • बुलेटप्रूफ जैकेट से CIA इंचार्ज की जान बची, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली
  • 27 मुकदमों वाला बदमाश गिरफ्तार, अलवर निवासी साथी समेत हथियार बरामद


हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में शनिवार सुबह पुलिस और हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। आरोपी नारनौल रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर फरार होने की फिराक में था, लेकिन पहले से तैनात CIA टीम को देखकर वह ट्रेन से कूदकर भागने लगा

खुद को घिरता देख हिस्ट्रीशीटर शिवदयाल ने CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप पर सीधा फायर कर दिया। गोली बुलेटप्रूफ जैकेट में लगने से CIA इंचार्ज की जान बच गई, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश को नारनौल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से उसके एक अन्य साथी रणजीत को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शिवदयाल नारनौल के मिश्रवाड़ा का रहने वाला है और उस पर एनडीपीएस, अवैध हथियार और अन्य संगीन धाराओं में कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। उसने कुछ दिन पहले सलामपुरा इलाके में बोलेरो सवार व्यक्ति पर फायरिंग भी की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इलाज के बाद CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से अपराधिक नेटवर्क और हथियार सप्लाई को लेकर पूछताछ कर रही है।