हरियाणा में दोहरा हत्याकांड: पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या, आरोपी पति फरार
नारनौल के ढाणी ठाकरान गांव में पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी पति वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।
➤ पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
➤ मां-बेटी की सोते समय गला घोंटकर हत्या का आरोप
➤ वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार
नारनौल। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नांगल चौधरी क्षेत्र की ढाणी ठाकरान में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
एक ही घर में रहते थे, लेकिन अलग-अलग कमरों में
ग्रामीणों के अनुसार, अशोक कुमार और उसकी पत्नी राजबाला (45) के बीच पिछले करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। इसी कारण दोनों एक ही मकान में रहते हुए भी अलग-अलग कमरों में रह रहे थे। राजबाला अपनी 15 वर्षीय बेटी मीनाक्षी उर्फ मैना के साथ रहती थी, जबकि अशोक कुमार अपने दोनों बेटों के साथ अलग रहकर खाना बनाता और खाता था।
परिवार की आजीविका खेती-बाड़ी पर निर्भर थी और अशोक कुमार अपने बेटों के साथ खेती का काम करता था।
दोपहर में हुआ था झगड़ा
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार दोपहर को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद घर का माहौल सामान्य दिखाई दे रहा था।
सो रही मां-बेटी को बनाया निशाना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात जब राजबाला और उसकी बेटी मीनाक्षी कमरे में सो रही थीं, तभी आरोपी ने कथित तौर पर दोनों का गला घोंट दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि शोर सुनकर बेटे कमरे में पहुंचे, जहां मां और बहन मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा दिखाई दे रहा है। फरार आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan