मंदिर की दीवार ढ़ही, एक की मौत, एक घायल

नारनौल के गांव अटाली में बाबा खेता नाथ मंदिर में मरम्मत के दौरान दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंदिर की दीवार ढ़ही, एक की मौत, एक घायल
  • मंदिर की दीवार गिरने से दो मजदूर दबे, एक की मौके पर मौत
  • नींव की खुदाई के दौरान भरभराकर गिरी पिछली दीवार
  • मृतक कैलाश परिवार का इकलौता कमाने वाला था

 गांव अटाली में स्थित बाबा खेता नाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार को मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पीछे की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में खामपुरा गांव निवासी कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर बाल-बाल बच गया

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में रिपेयरिंग और नींव की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जैसे ही मजदूर दीवार के पास खुदाई कर रहे थे, तभी मंदिर की पिछली दीवार अचानक गिर पड़ी। दीवार का भारी मलबा पास में काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरा। मलबे की चपेट में आकर कैलाश पूरी तरह दब गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल भिजवा दिया।

मृतक के चचेरे भाई राजेंद्र ने बताया कि कैलाश दो बेटों का पिता था और उसकी बुजुर्ग मां भी परिवार में है। कैलाश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में काम कर रहे अन्य मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया। गांव के सरपंच वेदपाल ने बताया कि मंदिर में रिपेयर और खुदाई का काम चल रहा था, इसी दौरान दीवार मजदूरों पर गिर गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।