न्यूजीलैंड दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में, फिन एलन का तूफान; साउथ अफ्रीका फिर चोकर्स साबित

टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। फिन एलन ने 33 गेंदों में सबसे तेज शतक जड़कर इतिहास रच दिया।

पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया
फिन एलन ने 33 गेंद में सबसे तेज टी-20 WC शतक जड़ा
170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में किया हासिल


आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर इतिहास रचते हुए न्यूजीलैंड ने दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में कीवी टीम ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे फिन एलन, जिन्होंने ऐसी विस्फोटक पारी खेली कि साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम एक बार फिर बड़े मैच में दबाव नहीं झेल पाई।

ग्लेन फिलिप्स ने डेविड मिलर का कैच ड्रॉप किया।

कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन ही बना सकी। जवाब में न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

सबसे खास रही फिन एलन की पारी। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए और टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया। इस दौरान उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था। एलन की इस ऐतिहासिक पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

न्यूजीलैंड की शुरुआत भी धमाकेदार रही। ओपनर टिम साइफर्ट ने इस टूर्नामेंट में अपनी तीसरी फिफ्टी जड़ी। उन्होंने 33 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। साइफर्ट और एलन के बीच शतकीय ओपनिंग साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। इस साझेदारी को 10वें ओवर में कगिसो रबाडा ने तोड़ा, जब उन्होंने साइफर्ट को बोल्ड किया।

न्यूजीलैंड का आईसीसी टूर्नामेंट में रिकॉर्ड पहले भी मजबूत रहा है। टीम भारत को दो बड़े आईसीसी फाइनल में हरा चुकी है। 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और 2000 में आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को शिकस्त दी थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल में कीवी टीम का सामना भारत से होता है या नहीं। इसका फैसला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 फरवरी को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल से होगा।