साइट देखकर बाइक पर कार्यालय लौट रहा था जेई, ट्रक घसीटता हुए ले गया और .....
हरियाणा के नूंह जिले में वीटा टेंपो ने बाइक सवार जेई शमीम को 50 मीटर तक घसीटा, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चार बच्चों के पिता थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
➤ वीटा टेंपो ड्राइवर ने 50 मीटर तक युवक को घसीटा
➤ चार बच्चों के पिता शमीम की मौके पर ही मौत
हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। होड़ल-नगीना रोड पर गांव चांदन-की के पास एक तेज रफ्तार वीटा कंपनी के टेंपो ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और युवक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान शमीम (45) निवासी जहटाना के रूप में हुई है, जो पिछले 12 साल से मार्केट कमेटी में कनिष्ठ अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत था। हाल ही में वह हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत परमानेंट हुआ था। सोमवार की शाम वह गांव लाहाबास में चल रहे विभागीय कार्य का निरीक्षण करके अपने कार्यालय पुन्हाना अनाज मंडी लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में घटना साफ कैद हुई है। वीडियो में देखा गया कि टेंपो चालक शमीम को बाइक समेत घसीटता हुआ ले गया और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर ही गाड़ी को रोका गया। राहगीरों ने शमीम को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
शमीम के भाई जाबिर ने बताया कि हादसे के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा लाया गया, लेकिन शवगृह में फ्रिज की व्यवस्था नहीं होने के कारण परिजनों को इधर-उधर से बर्फ का इंतजाम करना पड़ा।
शमीम अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। सबसे बड़ा बेटा 17 साल का है और कोटा में नीट की तैयारी कर रहा है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।
जांच अधिकारी भजन लाल ने बताया कि मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी चालक की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan