हरियाणा में डंपर पुलिया तोड़कर नीचे गिरा और धमाके से लगी आग, दो जिंदा जले

नूंह में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डंपर पुलिया तोड़कर नीचे गिरा। आग लगने से ड्राइवर और हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस पहचान की जांच कर रही है।

हरियाणा में डंपर पुलिया तोड़कर नीचे गिरा और धमाके से लगी आग, दो जिंदा जले

  • दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डंपर पुलिया तोड़कर नीचे गिरा

  • डंपर में लगी आग, ड्राइवर-हेल्पर जिंदा जले, एक का शरीर कंकाल जैसा

  • पुलिस ने शव कब्जे में लिए, पहचान और हादसे के कारण की जांच जारी


हरियाणा के नूंह में शुक्रवार सुबह दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार डंपर पुल की दीवार तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही डंपर में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई।

हादसे को आसपास काम कर रहे लोगों ने देखा तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की कोशिश शुरू की। लेकिन डंपर में सवार ड्राइवर और हेल्पर अंदर ही फंस गए थे। आग इतनी भीषण थी कि उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हेल्पर का शरीर पूरी तरह जल चुका था और कंकाल जैसा नजर आ रहा था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को डंपर से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने डंपर के नंबर के आधार पर मालिक और ड्राइवर-हेल्पर की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से नीचे गिरा डंपर,आग लगने से दो लोगों की मौत।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। डंपर फिरोजपुर झिरका से दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन गांव गुर्जर नगला के पास पहुंचा, रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पुल की दीवार से टकरा गया और दीवार तोड़कर नीचे जा गिरा।

डंपर के नीचे गिरते ही आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन पल भर में आग की चपेट में आ गया। लोग बचाव में जुटे रहे, लेकिन आग और धुएं की वजह से किसी को भी अंदर तक पहुंचना संभव नहीं था। फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन ड्राइवर और हेल्पर को नहीं बचाया जा सका।

दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से नीचे गिरा डंपर,आग लगने से दो लोगों की मौत।

पुलिस ने कहा कि हादसे की वजहों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि टक्कर की वजह तेज रफ्तार, नींद या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी।