हरियाणा में दिल दहला देने वाला हादसा, पत्नी को बचाने कूदा पति; नवविवाहित जोड़े की नहर में डूबने से मौत
नूंह जिले के जयसिंहपुर गांव में नवविवाहित दंपती की नहर में डूबने से मौत हो गई। पत्नी का पैर फिसलने पर बचाने कूदे पति की भी जान चली गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
➤ नहर किनारे टहलते समय पत्नी का पैर फिसला
➤ बचाने कूदा पति, तेज बहाव में दोनों की मौत
➤ चार-पांच महीने पहले ही हुई थी शादी
हरियाणा के नूंह जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया, जहां पत्नी को बचाने के प्रयास में पति ने अपनी जान गंवा दी। जयसिंहपुर गांव के पास गुड़गांव नहर में डूबने से नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार देर शाम का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव नहर से बाहर निकाले गए।
पुलिस के अनुसार जयसिंहपुर निवासी सादिक और उनकी पत्नी हंसीरा शाम के समय नहर किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक हंसीरा का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गई। पत्नी को डूबता देख सादिक बिना देर किए उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद जयसिंहपुर चौकी प्रभारी महेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह की मोर्चरी में भिजवा दिया गया।
शादी के कुछ ही महीनों बाद उजड़ गया परिवार
जानकारी के अनुसार सादिक और हंसीरा की शादी महज चार-पांच महीने पहले ही हुई थी। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। मृतका के पिता फिरोज खान की शिकायत पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के एंगल से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से नहर और जलाशयों के आसपास सतर्क रहने की अपील भी की है।
Akhil Mahajan