एक्‍स गर्लफ्रेंड के भाइयों ने युवक पर चलाई गोलियां, घर में घुसकर दीवार तोड़ी, मां को भी मारा

हरियाणा के पलवल में पूर्व प्रेमिका के परिवारवालों ने युवक को घर में घुसकर गोली मार दी। मां पर भी हमला किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर एक को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।

एक्‍स गर्लफ्रेंड के भाइयों ने युवक पर चलाई गोलियां, घर में घुसकर दीवार तोड़ी, मां को भी मारा

पूर्व प्रेमिका के परिवार ने युवक पर चलाई गोली, मां को भी घायल किया
सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार
युवक और युवती के रिश्ते से शुरू हुआ विवाद, छह महीने से मिल रही थी धमकियां


हरियाणा के पलवल जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पूर्व प्रेमिका के परिवारवालों ने एक युवक को उसके घर में घुसकर गोली मार दी। घटना उस वक्त हुई जब अलावलपुर गांव निवासी कुशल सिंह अपने मकान की छत पर सो रहा था। देर रात करीब 11:45 बजे नकाबपोश हमलावर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और युवक पर गोलियां दाग दीं। गोली उसकी छाती पर चलाई गई, लेकिन वह खड़ा हो गया, जिससे गोली उसके पैर में जा लगी। हमलावरों ने उसे छत से धक्का भी दे दिया।

शोर सुनकर उसकी मां और बहन बाहर निकलीं और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान हमलावरों ने कुशल की मां के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। तीनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की पूरी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं।

घायल कुशल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने बताया कि उसकी एक युवती से दोस्ती थी, लेकिन बाद में विवाद बढ़ गया। युवती उसके घर से जेवर और नकदी लेकर चली गई थी। इसके बाद से युवती का भाई ललित, अमित और रिश्तेदार दिनेश, पारस, प्रकांत सहित अन्य लोग उसे लगातार धमकियां दे रहे थे। कुशल ने इस मामले में पहले भी एसपी को शिकायत दी थी।

पुलिस ने युवती समेत 8 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सीआईए होडल प्रभारी जगमिंदर ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी रविंद्र उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। भोला ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया।