हैवान बना पति! पत्नी और बेटी को मार डाला

पलवल में पति ने दहेज के लिए पत्नी और 4 साल की बेटी की हत्या कर दी। आरोपी 3 महीने के बेटे को लेकर फरार है। पुलिस ने 6 लोगों पर केस दर्ज किया।

हैवान बना पति! पत्नी और बेटी को मार डाला

पलवल में पति ने पत्नी और 4 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या
3 महीने के बेटे को लेकर फरार, परिजनों में डर और आक्रोश
दहेज में स्कॉर्पियो और 25 लाख की मांग का आरोप, 6 पर केस


हरियाणा के पलवल जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 4 साल की मासूम बेटी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने 3 महीने के बेटे को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। घर के आंगन में मां-बेटी के शव पड़े मिले, जिनके शरीर पर चोटों के निशान थे और नाक-कान से खून निकल रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी नवजात बच्चे को भी अपने साथ ले गया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है।

मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी साल 2020 में किठवाड़ी गांव निवासी धर्मवीर से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी, जमीन और 25 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाता था और कई बार मारपीट भी की गई।

परिजनों के अनुसार, हाल ही में महिला ने एक बेटे को जन्म दिया था। 2 अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी आरोपियों ने दहेज को लेकर महिला की मां और भाई के साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी।

घटना का खुलासा तब हुआ जब 25 अप्रैल की शाम परिजनों को फोन कर मां-बेटी की मौत की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर दोनों के शव घर में पड़े मिले। वहीं, 3 महीने का बच्चा गायब था, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

चांदहट थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी और लापता बच्चे की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने और बच्चे को सुरक्षित बरामद करने का प्रयास कर रही है।