दूल्हे की गाड़ी पर हमला, बारात में लूटपाट से मचा हड़कंप
पलवल में बारात के दौरान दूल्हे की गाड़ी पर हमला कर सोने के जेवर और सामान लूट लिया गया। पुलिस ने 30 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
■ बारात की गाड़ियों को रोककर दूल्हे पर हमला, लूटपाट से मचा हड़कंप
■ 25-30 युवकों ने की मारपीट, सोने के जेवर और सामान लूटे
■ तीन नामजद समेत 30 पर केस, फायरिंग के आरोप की पुष्टि नहीं
हरियाणा के पलवल जिले में बारात के दौरान बड़ा हंगामा हो गया, जब दूल्हे की गाड़ी पर हमला कर लूटपाट की गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना हथीन-मंडकोला रोड की है, जहां 15 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे नूंह के खेड़ाझेरा गांव निवासी राकिम की बारात धौज गांव जा रही थी। इसी दौरान मंडकोला के पास 25-30 युवकों ने बारात की गाड़ियों को रोक लिया।
हमलावर एक बलेनो कार और 8-10 बाइकों पर सवार थे। उन्होंने दूल्हे की फॉर्च्यूनर और थार गाड़ियों को घेर लिया और हमला बोल दिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने लाठी, डंडे, रॉड और सरियों से गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और बारातियों के साथ मारपीट की। इसके बाद दूल्हे के गले से 10 ग्राम सोने की चेन छीन ली गई।
इतना ही नहीं, गाड़ी में रखे सूटकेस से 20 ग्राम सोने की हसली, 20 ग्राम सोने का गुलीबंद और कीमती कपड़े भी लूट लिए गए।
हमले में फॉर्च्यूनर के ड्राइवर आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूल्हे के पिता सफात ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में उनका दामाद राहुल निवासी मलाई गांव और उसके भाई अलीम व साहिर भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि राहुल के साथ पहले से विवाद चल रहा था।
शिकायत में फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया था, लेकिन पुलिस जांच में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि मामले में तीन नामजद सहित करीब 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
जांच अधिकारी एएसआई संजय के अनुसार, मौके से कोई कारतूस या गोलीबारी का सबूत नहीं मिला है, जिससे फायरिंग की बात संदिग्ध लग रही है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
shubham