वाटर टैंक हादसे में बड़ी कार्रवाई: SDO और JE सस्पेंड, एक्सईन को नोटिस; मंत्री गंगवा सख्त

पलवल के गोबिंद नगर बूस्टिंग स्टेशन में खुले वाटर टैंक में डूबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में SDO और JE को सस्पेंड किया गया, एक्सईन को नोटिस जारी।

वाटर टैंक हादसे में बड़ी कार्रवाई: SDO और JE सस्पेंड, एक्सईन को नोटिस; मंत्री गंगवा सख्त

गोबिंद नगर बूस्टिंग स्टेशन में 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत
SDO प्रीति और JE रामबीर सिंह तत्काल प्रभाव से सस्पेंड
मंत्री रणबीर गंगवा ने एक्सईन को कारण बताओ नोटिस जारी किया


हरियाणा के पलवल जिले के गोबिंद नगर स्थित बूस्टिंग स्टेशन में सामने आए लापरवाही के मामले में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कड़ा एक्शन लिया है। विभाग ने SDO प्रीति और JE रामबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है, जबकि संबंधित एक्सईन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

यह कार्रवाई 26 फरवरी को अंडरग्राउंड वाटर टैंक में डूबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद की गई है। मंत्री ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार गोबिंद नगर के बूस्टिंग स्टेशन में बने पानी के टैंक पर न तो ढक्कन था और न ही कोई सुरक्षा जाली लगी हुई थी। खेलते समय बच्चा खुले होल से टैंक में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक की मां रीना ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य कर रही कंपनियों से कई बार टैंक पर ढक्कन लगाने की मांग की गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

शिकायत के आधार पर हरिओम इंजिनियर मैसर्ज होरिकाम इंजीनियर्स और सिल्पा होरिकाम जेवी हैदराबाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 282 और 290 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी ढांचे की जिम्मेदारी विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बूस्टिंग स्टेशनों और वाटर टैंकों का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। सवाल उठ रहे हैं कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए।