➤ पंचकूला में भांजी की पसंद की शादी पर मामा ने किया हमला
➤ भांजी और मंगेतर को पीटा, गांव के कुछ युवक भी शामिल
➤ पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की
पंचकूला जिले के गोलपुरा गांव में कलयुगी मामा ने अपनी भांजी प्रीति कौर और उसके मंगेतर अभि की गांव के कुछ युवकों के साथ मिलकर बेरहमी से पीटाई कर दी। शिकायत के अनुसार, मामा और कुछ साथियों को प्रीति की पसंद की शादी मंजूर नहीं थी, इसलिए उन्होंने दोनों को धमकाने और मारने की घटना को अंजाम दिया।
प्रीति कौर ने बताया कि वह एक कंपनी में जॉब करती हैं और उनका मंगेतर अभि करनाल का रहने वाला है, जो यूरोप में जॉब करता है। अभि से उनकी मुलाकात एक शादी में हुई और धीरे-धीरे दोस्ती हुई। दोनों ने शादी का फैसला लिया। शादी की बातचीत के दौरान प्रीति के परिवार ने अभि और उसके भाई को घर बुलाया और माता का जागरण रखा था। इसी कार्यक्रम में सगाई का आयोजन होना था।
प्रीति ने बताया कि मामा संदीप और रणदीप ने रात में अभि को बातचीत के बहाने अलग ले जाकर गांव के अन्य युवक बादल, राहुल, राजेंद्र, शुभम के साथ मिलकर मारपीट की। जब प्रीति, उसकी मां रीना और पिता रणधीर मौके पर पहुंचे, तब भी उनका पीछा नहीं छोड़ा गया। मामा और अन्य आरोपियों ने बेल्ट और डंडों से उन पर हमला किया। अभि के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। भीड़ बढ़ते ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
प्रीति ने कहा कि मामा और कुछ गांव वाले उनकी शादी से इसलिए नाराज हैं क्योंकि वह अपनी पसंद के लड़के से शादी कर रही हैं। माता-पिता को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मामा और गांव के कुछ लोग मिलकर उन्हें धमका रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने FIR दर्ज करवाई, लेकिन अब गांव के लोग समझौते का दबाव बना रहे हैं। प्रीति ने साफ किया कि वे किसी कीमत पर अपनी शिकायत वापस नहीं लेंगी।
जांच अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि रायपुर रानी थाना में धारा 191(3), 190, 115(2), 351(2), BNS के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएँगे।