हरियाणा में नाके पर ड्यूटी दे रहे पुलिस जवान को कंटेनर ने कुचला, गैर इरादतन हत्‍या का केस दर्ज

हरियाणा के पंचकूला में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। कंटेनर ड्राइवर ने सिपाही दीपक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आरोपी चालक यूपी का रहने वाला है और गिरफ्तार कर लिया गया है।

हरियाणा में नाके पर ड्यूटी दे रहे पुलिस जवान को कंटेनर ने कुचला, गैर इरादतन हत्‍या का केस दर्ज

हरियाणा के पंचकूला में कंटेनर ड्राइवर ने पुलिस कांस्टेबल को कुचला
ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान हादसा, आरोपी मौके से भागा
रामगढ़ के पास पीछा कर पकड़ा गया चालक, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज



हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर दिया है। चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर ड्रिंक एंड ड्राइव जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल दीपक को एक कंटेनर ड्राइवर ने कुचल दिया। आरोपी चालक मौके से गाड़ी लेकर यमुनानगर की तरफ फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे रामगढ़ के पास गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना 18 अक्टूबर की रात की है, जब ट्रैफिक पुलिस ने चंडीमंदिर टोल पर ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग नाका लगाया हुआ था। एएसआई सोमनाथ और कांस्टेबल दीपक वाहन जांच में व्यस्त थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार कंटेनर आया, जिसे टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक ने नाका तोड़ दिया और कांस्टेबल दीपक को कुचल दिया

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक वहां से भागते हुए एक कार से भी टकरा गया, लेकिन गाड़ी भगाता हुआ निकल गया।

SI सोमनाथ ने बताया कि उन्होंने तत्काल गाड़ी का पीछा शुरू किया। आरोपी कंटेनर लेकर यमुनानगर रोड की ओर भागा और मट्टावाली गांव के पास पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। बाद में आरोपी को चंडीमंदिर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जींद जिले के पिल्लुखेड़ा गांव निवासी दीपक (सिपाही) ने वर्ष 2023 में पुलिस सेवा जॉइन की थी। अगस्त 2024 में उसकी पोस्टिंग ट्रैफिक पुलिस पंचकूला में हुई थी। दीपक शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था — बड़ी बेटी और 10 माह का छोटा बेटा है। परिवार को घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया।

आरोपी चालक यूपी के सुलतानपुर का निवासी
चंडीमंदिर थाना के जांच अधिकारी एएसआई प्रवीन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान धमेंद्र, पुत्र रामसागर, निवासी गांव दसईपुर, थाना पीपरपुर, जिला सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (IPC 304A) का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या ड्राइवर नशे में था या उसने जानबूझकर नाका तोड़ा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।