बेटी के सुसाइड से दुखी पिता ने भी दी जान

पंचकूला में बाप-बेटी ने आत्महत्या कर ली। बेटी ने घर में फंदा लगाया, पिता ने खुद को कसूरवार मानकर स्टेडियम में फांसी लगा ली। पुलिस ने आर्थिक तंगी और झगड़े को कारण बताया।

बेटी के सुसाइड से दुखी पिता ने भी दी जान

  • पंचकूला में बाप-बेटी ने की आत्महत्या

  • बेटी ने घर में फंदा लगाया, पिता ने स्टेडियम में खुदकुशी की

  • पुलिस जांच में पारिवारिक झगड़े और आर्थिक तंगी की वजह सामने आई


हरियाणा में  एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाप-बेटी ने अलग-अलग जगहों पर खुदकुशी कर ली। बेटी ने पहले घर में फंदा लगाया, जिसके बाद पिता ने खुद को कसूरवार मानते हुए स्टेडियम में जाकर फांसी लगा ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, पंचकूला के सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी निवासी पूजा (18 वर्ष) ने सोमवार रात घर में फंदा लगा लिया। परिवार वालों ने उसे तुरंत सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही उसका पिता हवा सिंह अचानक घर से गायब हो गया।

परिवार ने काफी खोजबीन की लेकिन हवा सिंह नहीं मिला। कुछ समय बाद पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो वह शव हवा सिंह का ही निकला।

मृतक हवा सिंह का बेटा विनय बताता है कि पिता और बहन के बीच अक्सर झगड़े होते थे। सोमवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। पिता ने बहन को डांटा, जिससे नाराज होकर उसने अपने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। जब पूजा की मौत की पुष्टि हुई तो पिता ने खुद को जिम्मेदार मान लिया और मानसिक तनाव में आकर स्टेडियम में जाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने पुलिस को साफ कहा है कि इस मामले में किसी का कसूर नहीं है। घटना के पीछे पारिवारिक झगड़ा और आर्थिक तंगी की स्थिति सामने आई है। मृतक हवा सिंह स्वीपर का काम करता था और घर की स्थिति काफी कमजोर बताई गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

सेक्टर-21 चौकी इंचार्ज दीदार सिंह ने बताया कि घर में आर्थिक तंगी थी। युवती बार-बार पैसे मांग रही थी, लेकिन पिता ने पैसे न होने के कारण उसे डांट दिया। इसके बाद ही युवती ने सुसाइड कर लिया और पिता ने बेटी की मौत से दुखी होकर खुद भी जान दे दी।