पानीपत में LPG संकट पर सियासी गरमाहट, आम आदमी का जोरदार प्रदर्शन
पानीपत में LPG गैस की किल्लत के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने छोटूराम चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि गैस संकट से उद्योग, ढाबे और गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं और जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन होगा।
■ पानीपत में LPG किल्लत के खिलाफ AAP का छोटूराम चौक पर जोरदार प्रदर्शन
■ नेताओं ने कहा गैस संकट से उद्योग, ढाबे और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित
■ सरकार को चेतावनी जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
हरियाणा में घरेलू और व्यावसायिक LPG गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर पानीपत में शनिवार को आम आदमी पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बबैल रोड स्थित छोटूराम चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुरेंद्र अहलावत ने किया। प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में सरकार विरोधी नारों वाली तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की और गैस संकट के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
प्रदर्शन के दौरान करनाल लोकसभा अध्यक्ष अजय सिंगला, प्रदेश सहसचिव सुखवीर मलिक, जिला अध्यक्ष जसवीर जस्सा कादयान, लोकसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र जेसिया, जिला सचिव योगेश कौशिक, युवा जिला अध्यक्ष मनीष रोड और वरिष्ठ नेता जितेंद्र जुनेजा सहित कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि गैस की कमी के कारण आम जनता, छोटे उद्योग, चाय ढाबे और गरीब परिवार गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत ने कहा कि प्रदेश में LPG गैस की किल्लत के कारण कई छोटे और मध्यम स्तर के उद्योगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिन उद्योगों में उत्पादन के लिए गैस का उपयोग होता है, वहां काम लगभग ठप पड़ने की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया तो उद्योगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रोजगार पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।
वहीं करनाल लोकसभा अध्यक्ष अजय सिंगला ने कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना के नाम पर गरीब परिवारों को राहत देने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि कई लाभार्थियों को समय पर गैस सिलेंडर ही नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि गैस की कमी के कारण कई गरीब परिवारों को फिर से लकड़ी और पारंपरिक ईंधन पर निर्भर होना पड़ रहा है, जो सरकारी दावों की सच्चाई को उजागर करता है।
जिला अध्यक्ष जसवीर जस्सा कादयान ने कहा कि गैस की किल्लत का असर शहर के छोटे कारोबारियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई चाय की दुकानों, छोटे ढाबों और होटलों को गैस न मिलने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। कुछ स्थानों पर ढाबे और छोटे होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं, जिससे रोज कमाने-खाने वाले लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
प्रदेश सहसचिव सुखवीर मलिक ने कहा कि गैस की किल्लत केवल घरेलू समस्या नहीं बल्कि प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि आम जनता और छोटे व्यवसायियों को राहत मिल सके।
वहीं लोकसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र जेसिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गैस की किल्लत दूर नहीं की गई तो पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन चलाने को मजबूर होगी।
इस मौके पर जिला सचिव शमशेर भल्ला, ग्रामीण विधानसभा युवा अध्यक्ष जितेंद्र धीमान, मोहित गुप्ता, शामलाल पहाड़िया, अंग्रेज मालिक, कुलदीप अहलावत, राममेहर मलिक, वीरेंद्र आर्य और होशियार सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने अंत में सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द LPG गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर जिले से लेकर पूरे प्रदेश तक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी और जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
Akhil Mahajan