Video: पानीपत में रिश्तों का कत्ल: भतीजे ने चाचा की पत्थर की ओखली से हत्या, वारदात के बाद फरार

पानीपत के खोतपुरा गांव में भतीजे पर अपने चाचा की हत्या का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

Video: पानीपत में रिश्तों का कत्ल: भतीजे ने चाचा की पत्थर की ओखली से हत्या, वारदात के बाद फरार

➤ पानीपत के खोतपुरा गांव में भतीजे ने चाचा की बेरहमी से हत्या की

➤ पत्थर की ओखली से लगातार वार कर उतारा मौत के घाट

➤ पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह, आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी


हरियाणा के पानीपत जिले के खोतपुरा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही चाचा सुशील की कथित तौर पर पत्थर की ओखली से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात गांव की गली में अचानक शोर मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी अभिषेक ने अपने चाचा पर पहले हाथ में पहने कड़े से हमला किया। जब सुशील नीचे गिर गए तो आरोपी ने पास में पड़ी पत्थर की ओखली उठाकर उन पर लगातार वार किए। आसपास मौजूद लोग शोर मचाते रहे, लेकिन कोई भी आरोपी को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ हालत में पड़े सुशील को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर 13-17 थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ महीने पहले आरोपी अभिषेक और उसके चाचा सुशील के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते आरोपी पहले से घात लगाकर बैठा था। जैसे ही सुशील वहां पहुंचे, उसने उन पर हमला कर दिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस के साथ-साथ सीआईए (CIA) की टीमें भी सक्रिय हैं। मुखबिरों को अलर्ट कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।