पानीपत में बिहौली के पूर्व सरपंच के खेत में श्रमिक की गंडा*सी से गला काटकर ह*त्या
पानीपत के बिहोली गांव में बिहार के मजदूर रणजीत सिंह की हत्या कर दी गई। शव खेत में मिला और पुलिस फरार संदिग्ध की तलाश में जुटी है।
➤ पानीपत के बिहोली गांव में मजदूर की हत्या, खेत में मिला शव
➤ बिहार के रणजीत सिंह का तेजधार हथियार से गला काटकर कत्ल
➤ साथ रहने वाला विनोद फरार, रंजिश और लूट एंगल पर जांच
हरियाणा के पानीपत जिले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां बिहोली गांव में पूर्व सरपंच के खेत में काम करने वाले एक मजदूर की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रणजीत सिंह (35) निवासी पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रणजीत पिछले करीब 12 वर्षों से खेतों में मजदूरी कर रहा था। वह दो महीने पहले ही अपने गांव से वापस लौटा था और फिर से काम पर लग गया था।
घटना सोमवार सुबह सामने आई, जब उसका शव बिहोली-बापौली रोड पर खेत में पड़ा मिला। अज्ञात हमलावर ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच जिले सिंह के परिवार ने करीब 15-20 दिन पहले विनोद नाम के एक व्यक्ति को काम पर रखा था। बताया जा रहा है कि विनोद, मृतक रणजीत का रिश्तेदार था और वह उसी के साथ खेत में बने कमरे में अपने परिवार सहित रह रहा था।
घटना के बाद से विनोद मौके से गायब है, जिससे पुलिस का शक उसी पर गहरा गया है। पुलिस अब इस मामले को आपसी रंजिश और लूटपाट दोनों एंगल से जांच रही है।
सूचना मिलते ही डीएसपी आत्माराम और थाना बापौली के प्रभारी बंसीलाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस फरार संदिग्ध की तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Akhil Mahajan