दिल्ली पुलिस जॉइनिंग से पहले हादसा, पानीपत में युवक की मौ*त
पानीपत में ट्राले की टक्कर से 21 वर्षीय नितिन की मौत हो गई। वह दिल्ली पुलिस का टेस्ट पास कर चुका था और जल्द ही उसकी जॉइनिंग होने वाली थी।
पानीपत में ट्राले की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत
दिल्ली पुलिस का टेस्ट पास कर चुका था नितिन, जल्द होनी थी जॉइनिंग
हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार
हरियाणा के पानीपत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर शाहपुर-गन्नौर रोड पर उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्राले ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान गांव दोदुभेटा निवासी नितिन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नितिन हाल ही में दिल्ली पुलिस का टेस्ट पास कर चुका था और जल्द ही उसकी जॉइनिंग होने वाली थी। परिवार उसके उज्ज्वल भविष्य को लेकर खुश था, लेकिन हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।
जानकारी के अनुसार, घटना थाना इसराना क्षेत्र में शाहपुर से आगे एक अकादमी के सामने हुई। ट्राले की टक्कर लगते ही नितिन बाइक से नीचे गिर गया। इस दौरान ट्राले के टायर उसके दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल नितिन को पीजीआई खानपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
परिजन नितिन को रोहतक लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस खानपुर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
मृतक के चाचा सुरेश कुमार ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार ट्राला चालक की तलाश की जा रही है।
नितिन की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस युवक के सिर पर जल्द ही दिल्ली पुलिस की वर्दी सजने वाली थी, उसकी असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
pooja