पानीपत में BJP नेता के ठिकानों पर ED की बड़ी कार्रवाई , डंकी रूट केस में 2 करोड़ नकद और सोना-चांदी बरामद
डंकी रूट मामले में ईडी ने पानीपत में BJP नेता समेत तीन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में 2 करोड़ नकद, 6 किलो सोना और 300 किलो चांदी बरामद की गई।
- पानीपत में BJP नेता समेत 3 लोगों के ठिकानों पर ED की छापेमारी
- डंकी रूट मामले में 2 करोड़ नकद, 6 किलो सोना और 300 किलो चांदी बरामद
- लैपटॉप, कंप्यूटर और संपत्तियों के अहम दस्तावेज जब्त
डंकी रूट मामले में प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ईडी की टीम ने हरियाणा के पानीपत जिले में BJP नेता बलवान शर्मा, पंचायत सचिव प्रवीण उर्फ फोर्ड और एजेंट प्रदीप से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में ईडी ने 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, करीब 300 किलो चांदी, 6 किलो सोना और संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।
ईडी की टीम ने अहर-कुराना गांव सहित पानीपत के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी कब्जे में लिए गए हैं। एजेंसी को संदेह है कि डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से विदेश भेजने के नेटवर्क में इन लोगों की भूमिका रही है।
पंचायत सचिव प्रवीण उर्फ फोर्ड खेल कोटे से सरकारी नौकरी में आया था। वह सर्कल कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुका है। ईडी अब बरामद नकदी, कीमती धातुओं और दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
ईडी ने यह कार्रवाई केवल पानीपत तक सीमित नहीं रखी। वीरवार को हरियाणा के पानीपत और पिहोवा के अलावा पंजाब और दिल्ली में कुल 13 व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की गई। अधिकारियों के अनुसार जालंधर जोनल ऑफिस की अलग-अलग टीमों ने रिची ट्रैवल्स जालंधर, तरुण खोसला दिल्ली और बलवान शर्मा पानीपत से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली।
यह पूरी कार्रवाई उन सूचनाओं के आधार पर की गई है, जिनमें फरवरी 2025 में अमेरिका द्वारा 330 भारतीयों को एक सैन्य कार्गो विमान से वापस भेजा गया था। ईडी का मानना है कि इन मामलों में डंकी रूट के जरिए मोटी रकम लेकर लोगों को विदेश भेजा गया। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Author1