पानीपत में स्कूल चेयरमैन से 25 लाख की फिरौती की मांग ई-मेल और वॉट्सऐप पर दी गई 100 गोलियां मारने की धमकी
पानीपत में चार प्राइवेट स्कूलों के चेयरमैन से ई-मेल के जरिए 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। वॉट्सऐप पर हथियारों की फोटो भेजकर धमकी दी गई।
-
पानीपत में चार प्राइवेट स्कूलों के चेयरमैन से 25 लाख की फिरौती की मांग
-
ई-मेल और वॉट्सऐप पर भेजी गई धमकी, 100 गोलियां मारने की बात लिखी
-
दो शिकायतों पर FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पानीपत में चार प्राइवेट स्कूलों के चेयरमैन से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसमें फिरौती की रकम जमा कराने के लिए बैंक अकाउंट नंबर भी दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर 13/17 क्षेत्र में स्कूल संचालित करने वाले चेयरमैन को 24 अगस्त की सुबह करीब 10:18 बजे स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में साफ तौर पर 25 लाख रुपये की मांग की गई और रकम न देने पर चेयरमैन व उनके परिवार को गोलियों से भूनने की धमकी दी गई।
पीड़ित चेयरमैन ने पुलिस को बताया कि धमकी देने वाले ने ई-मेल में यह भी लिखा कि परिवार की रेकी कर ली गई है और उनके बारे में पूरी जानकारी जुटा ली गई है। मेल के साथ फिरौती भेजने के लिए एक बैंक खाता नंबर भी साझा किया गया।
चेयरमैन के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब उन्हें धमकी मिली हो। इससे पहले स्कूल के वॉट्सऐप नंबर पर भी धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। उस मैसेज के साथ हथियारों की तस्वीरें भी भेजी गई थीं और लिखा गया था कि 25 लाख रुपये तैयार रखो, नहीं तो 100 गोलियां मार दी जाएंगी।
लगातार मिल रही धमकियों के बाद स्कूल चेयरमैन ने 16 दिसंबर को पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर स्कूल परिसर में ही रहते हैं और इन धमकियों के कारण बच्चों, शिक्षकों और स्टाफ की सुरक्षा को गंभीर खतरा है। उन्होंने अपनी, परिवार और स्कूल की सुरक्षा की मांग की है।
पानीपत डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि फिरौती मांगने से जुड़ी दो शिकायतें मिली हैं, जिन पर FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएसपी के अनुसार, कई बार इस तरह की धमकियां फर्जी भी निकलती हैं, लेकिन हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है।
डीएसपी वत्स ने लोगों से अपील की कि अनजान और संदिग्ध कॉल से सतर्क रहें और ऐसे कॉल उठाने से बचें।
Author1