हरियाणा के युवाओं को बड़ी सौगात, 3056 को मिले नियुक्ति पत्र
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में 3,056 ग्रुप-डी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने पारदर्शी भर्ती और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 3,056 ग्रुप-डी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का दावा, बिना खर्ची-पर्ची मेरिट के आधार पर मिला रोजगार
सीएम बोले- सरकारी नौकरी सिर्फ रोजगार नहीं, परिवार के संघर्ष और सपनों का सम्मान
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान ग्रुप-डी के 3,056 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित बनाया है। अब योग्य युवाओं को बिना किसी सिफारिश, खर्ची-पर्ची और भ्रष्टाचार के सरकारी सेवा में अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था युवाओं के विश्वास को मजबूत करने का काम कर रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल एक सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह वर्षों की मेहनत, संघर्ष और माता-पिता के त्याग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज हजारों परिवारों के सपने पूरे हुए हैं और यह ईमानदार भर्ती व्यवस्था की बड़ी सफलता है।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित कर्मचारियों से जनसेवा को अपना पहला दायित्व बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी जनता और सरकार के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ऐसे में सभी कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप-डी के सभी 3,056 अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर हुआ है। उन्होंने कहा, "हर ख्वाब को हकीकत मिली है, हर आंख में उजाला है। मेहनत करने वाले हर युवा का अब अपना बुलंद सितारा है। यहां खर्ची नहीं चली, पर्ची नहीं चली, ईमानदारी से नौकरी मिली है।"
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक योग्य युवा को उसकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर अवसर उपलब्ध कराना है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सामाजिक न्याय को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार पर युवाओं का विश्वास भी बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित कर्मचारी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
pooja