संबंधों के शक में रची गई जेई की हत्या, SIT ने सुलझाई गुत्थी
कुल्लू में जलशक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया। कथित अवैध संबंधों के शक में महिला डॉक्टर, उनके पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार किया गया। जानिए पूरा मामला।
➤ जलशक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
➤ महिला डॉक्टर, पति, ससुर और देवर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया
➤ पुलिस के अनुसार कथित संबंधों के शक में रची गई थी सुनियोजित साजिश
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कुल्लू पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने करीब छह दिन तक चली जांच के बाद इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए एक महिला डॉक्टर, उनके चिकित्सक पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे कथित प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों के शक की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की शाम लाभ सिंह गुलेरिया को पानी की पाइपलाइन देखने के बहाने गांधीनगर स्थित एक घर बुलाया गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चारों आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को नाले के पास फेंक दिया गया ताकि हत्या के साक्ष्य छिपाए जा सकें।
वैज्ञानिक जांच से खुली हत्या की परतें
एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्य तथा घरेलू सहायिका के बयान सहित कई महत्वपूर्ण तथ्यों का विश्लेषण किया। इन्हीं परिस्थितिजन्य और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची।
चारों आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यरत डॉ. शाम्भवी ठाकुर, उनके पति आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. करण ठाकुर, ससुर विजय सिंह तथा देवर दिनेश ठाकुर शामिल हैं। पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच अभी भी जारी
पुलिस का कहना है कि अब तक की कार्रवाई उपलब्ध वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई है। यदि जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं तो उनके अनुसार आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे कुल्लू जिले में इस मामले की व्यापक चर्चा हो रही है।
Akhil Mahajan