किसानों को आज बड़ी सौगात, PM मोदी जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त; 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में आएंगे ₹2000

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के गुवाहाटी से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 2000-2000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।

किसानों को आज बड़ी सौगात, PM मोदी जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त; 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में आएंगे ₹2000

प्रधानमंत्री मोदी आज जारी करेंगे पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त
9.32 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में आएंगे ₹2000
गुवाहाटी से DBT के जरिए ₹18,640 करोड़ होंगे ट्रांसफर


नई दिल्ली। देश के करोड़ों किसानों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस बार लगभग 18,640 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी जाएगी। यह योजना छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।

गुवाहाटी से किसानों को मिलेगा आर्थिक सहारा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने असम दौरे के दौरान गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम से इस किस्त को जारी करेंगे। जैसे ही राशि जारी होगी, पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसा पहुंच जाएगा।

केंद्र सरकार के अनुसार इस किस्त के साथ ही पीएम किसान योजना के तहत किसानों को अब तक भेजी गई कुल राशि 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी। इससे पहले भी 21 किस्तों के माध्यम से किसानों को बड़ी आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

साल में मिलते हैं कुल ₹6000

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल ₹6000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में ₹2000-₹2000 करके सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।

इस योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को खेती के खर्च और पारिवारिक जरूरतों के लिए आर्थिक सहारा देना है।

ऐसे चेक कर सकते हैं किस्त का स्टेटस

अगर किसी किसान को यह जानना है कि उसके खाते में पैसा आएगा या नहीं, तो वह pmkisan.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकता है। यहां Know Your Status या Beneficiary List विकल्प के जरिए आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर से जानकारी मिल जाती है।