PM किसान की 23वीं किस्त जारी, 9.44 करोड़ किसानों के खाते में पहुंचे ₹2-2 हजार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने PM किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी है। 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए हैं।
➤ प्रधानमंत्री मोदी ने जारी की PM किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त
➤ 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को DBT के जरिए मिले ₹2,000
➤ 18,880 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि सीधे खातों में ट्रांसफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी। इसके साथ ही देशभर के करोड़ों किसानों का इंतजार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल से आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस किस्त के तहत 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपए की सहायता राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है।
18,880 करोड़ रुपए से ज्यादा ट्रांसफर
23वीं किस्त के तहत केंद्र सरकार ने किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की है। योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना और खेती से जुड़े खर्चों में मदद करना है।
खाते में पैसा आया या नहीं, ऐसे करें चेक
यदि आपके मोबाइल पर किस्त का मैसेज नहीं आया है, तो आप बैंक खाते की एंट्री, पासबुक अपडेट या ATM के माध्यम से राशि की जांच कर सकते हैं। इसके अलावा PM-KISAN पोर्टल पर Beneficiary Status भी चेक किया जा सकता है।
किन किसानों को नहीं मिला लाभ?
सरकारी नियमों के अनुसार जिन किसानों की e-KYC, बैंक खाता सत्यापन या भूमि रिकॉर्ड अपडेट नहीं हैं, उन्हें किस्त मिलने में दिक्कत आ सकती है। ऐसे किसानों को जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल को मिला एक और तोहफा
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के किसानों को अतिरिक्त सुरक्षा और लाभ मिलेगा।
Akhil Mahajan