PM नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। महिला आरक्षण बिल पास न होने के बाद उनके संबोधन पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।
➤ PM नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित
➤ भाषण के विषय पर सस्पेंस, महिला आरक्षण बिल पर चर्चा की संभावना
➤ लोकसभा में बिल पास न होने के बाद सियासी हलचल तेज
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। हालांकि उनके संबोधन का विषय अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया है, जिससे सियासी गलियारों में सस्पेंस और अटकलें तेज हो गई हैं।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री हाल ही में लोकसभा में पेश किए गए महिला आरक्षण से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) बिल और संसद में बीते दो दिनों के घटनाक्रम पर अपनी बात रख सकते हैं।
दरअसल, शुक्रवार को लोकसभा में यह महत्वपूर्ण बिल पास नहीं हो सका। इस बिल में लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33% आरक्षण देने का प्रस्ताव था। वोटिंग के दौरान बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि विरोध में 230 वोट आए। बिल को पारित होने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी, जो पूरी नहीं हो सकी।
यह स्थिति मोदी सरकार के लिए 12 साल में पहली बार सामने आई, जब वह संसद में कोई प्रमुख बिल पास कराने में असफल रही। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कैबिनेट बैठक में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण का समर्थन न करके विपक्ष ने गलती की है और इसके परिणाम भुगतने होंगे।
इसके अलावा सरकार ने जिन अन्य दो बिलों—परिसीमन संशोधन संविधान बिल 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल 2026—को लाया था, उन पर अलग से वोटिंग नहीं कराई गई। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि ये बिल मुख्य बिल से जुड़े हुए हैं, इसलिए अलग वोटिंग की आवश्यकता नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद विपक्ष भी हमलावर हो गया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए सरकार पर सत्ता में बने रहने की साजिश का आरोप लगाया।
अब सभी की नजरें प्रधानमंत्री के आज रात के संबोधन पर टिकी हैं, जिसमें यह साफ हो सकता है कि सरकार इस मुद्दे पर आगे क्या रणनीति अपनाने वाली है।
Akhil Mahajan