प्रधानमंत्री मोदी ने कोच्चि में माता अमृतानंदमयी देवी की सराहना की, बोले– निस्वार्थ सेवा और करुणा का अद्भुत उदाहरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के कोच्चि में ऑल केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में माता अमृतानंदमयी देवी के सेवा कार्यों की सराहना की और उनके जीवन को निस्वार्थ सेवा और करुणा का उदाहरण बताया।
■ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में माता अमृतानंदमयी देवी की सेवा भावना की सराहना
■ अम्मा को निस्वार्थ सेवा, करुणा और मानवता का अद्भुत उदाहरण बताया
■ अमृता संस्थान के शिक्षा-स्वास्थ्य कार्यों और अमृता हॉस्पिटल फरीदाबाद का भी उल्लेख
फरीदाबाद/कोच्चि (केरल), 11 मार्च 2026। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के कोच्चि में आयोजित ऑल केरल धीवरा सभा की स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और समाजसेवी माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) के मानवता के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की खुलकर सराहना की। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि अम्मा का जीवन निस्वार्थ सेवा, करुणा और मानवता के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है और उनका स्नेह मिलना अपने आप में उनके लिए सौभाग्य की बात है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “माता अमृतानंदमयी देवी का जीवन निस्वार्थ सेवा, करुणा और मानवता के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उनका जो स्नेह मुझ पर रहा है, वह मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है।” उन्होंने कहा कि अम्मा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत और समाज सेवा के अनेक क्षेत्रों में ऐसे कार्य किए हैं, जिनसे लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि माता अमृतानंदमयी देवी का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद देश-विदेश में करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। अम्मा द्वारा स्थापित संस्थानों ने समाज में सेवा, करुणा और मानवता की भावना को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि केरल की भूमि सदियों से संतों और समाज सुधारकों की कर्मभूमि रही है और उसी परंपरा को आगे बढ़ाने में माता अमृतानंदमयी देवी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में अमृता संस्थान द्वारा किए जा रहे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अम्मा के मार्गदर्शन में देशभर में अनेक संस्थान स्थापित किए गए हैं, जो समाज के विभिन्न वर्गों को शिक्षा, चिकित्सा और राहत सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इनमें अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद भी प्रमुख है, जो अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से लाखों मरीजों को उपचार उपलब्ध करा रहा है।
इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह में अम्मा के सेवा कार्यों और उनके सामाजिक योगदान की व्यापक सराहना की गई। प्रधानमंत्री के इस वक्तव्य को आध्यात्मिक और सामाजिक क्षेत्रों में अम्मा के कार्यों के प्रति सम्मान और मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
Akhil Mahajan