एंजेलिना जोली के साथ काम करेंगी प्रियंका चोपड़ा? अभिनेत्री ने किया बड़ा खुलासा
प्रियंका चोपड़ा ने एंजेलिना जोली के साथ संभावित प्रोजेक्ट, फिल्म ‘वाराणसी’ और अपने करियर में आए बदलावों को लेकर खुलकर बात की। अभिनेत्री ने इसे अपने करियर का अहम दौर बताया।
प्रियंका चोपड़ा ने एंजेलिना जोली के साथ संभावित प्रोजेक्ट पर दी बड़ी जानकारी
एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ को बताया करियर का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट
देसी गर्ल बोलीं- अब अपने प्रोजेक्ट खुद चुनने और बनाने की आजादी मिली
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने भविष्य के प्रोजेक्ट्स, करियर में आए बदलावों और हॉलीवुड स्टार एंजेलिना जोली के साथ संभावित सहयोग को लेकर खुलकर बात की है।
एक इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि वह जल्द ही एंजेलिना जोली के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम कर सकती हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह कोई फिल्म, विज्ञापन या फिर किसी सामाजिक पहल से जुड़ा प्रोजेक्ट होगा। उन्होंने केवल इतना कहा कि इस दिशा में बातचीत चल रही है।
प्रियंका ने एंजेलिना जोली को उन महिलाओं में शामिल बताया, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि एंजेलिना का काम और उनकी सोच उन्हें प्रभावित करती है। यही वजह है कि उनके साथ काम करने का अवसर उनके लिए खास महत्व रखता है।
इन दिनों प्रियंका निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को बड़े बजट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की रिलीज के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
प्रियंका ने फिल्म को अपने करियर का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जैसा लंबे समय से देखने को नहीं मिला। अभिनेत्री के अनुसार यह फिल्म सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के दर्शकों के लिए बनाई जा रही है और इसकी ग्लोबल रिलीज को लेकर पूरी टीम उत्साहित है।
उन्होंने शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए कहा कि फिल्म के सेट पर माहौल बेहद सकारात्मक और पारिवारिक है। कलाकारों के परिवार भी साथ मौजूद रहते हैं, जिससे काम के साथ-साथ एक अलग तरह का अपनापन महसूस होता है। हालांकि सेट पर मस्ती के साथ-साथ काम को लेकर पूरा फोकस भी रखा जाता है।
अपने करियर में आए बदलावों पर बात करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि शुरुआती दौर में उन्हें वही प्रोजेक्ट करने पड़ते थे जो उनके पास आते थे। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और उन्हें अपने काम को लेकर ज्यादा रचनात्मक स्वतंत्रता मिली है।
प्रियंका ने कहा कि अब वह न केवल अपने प्रोजेक्ट्स चुन सकती हैं, बल्कि उन्हें विकसित और प्रोड्यूस भी कर सकती हैं। उनके अनुसार यह बदलाव वर्षों की मेहनत और अनुभव का परिणाम है।
फिल्म ‘वाराणसी’ के अलावा प्रियंका चोपड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्ममेकर मीरा नायर की बायोपिक ड्रामा ‘अमरी’ से भी जुड़ी हुई हैं। ऐसे में आने वाले समय में प्रियंका के कई बड़े प्रोजेक्ट्स दर्शकों के सामने आने वाले हैं।
pooja