पूर्व DGP के बेटे की मौत में नया खुलासा, सोशल मीडिया इस वीडियो से फैली सनसनी
पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध मौत में नया मोड़। सोशल मीडिया वीडियो में पिता, मां और पत्नी पर लगाए आरोप। पंचकूला पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच की मांग।
➤ पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा के बेटे की मौत में नया मोड़ जांच की मांग तेज
➤ अकील अख्तर ने सोशल मीडिया पर लगाए थे पिता-मां-पत्नी पर गंभीर आरोप
➤ पंचकूला पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच की अपील अवैध संबंधों का भी जिक्र
पंजाब कांग्रेस की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना और पंजाब के पूर्व डीजीपी (ह्यूमन राइट्स) मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब एक नया और सनसनीखेज मोड़ ले चुका है। मालेरकोटला के मॉडल टाउन निवासी शमशुद्दीन चौधरी ने पंचकूला पुलिस आयुक्त को एक लिखित शिकायत देकर तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि अकील की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का नतीजा हो सकती है।
शिकायत में कहा गया है कि अकील अख्तर ने अपनी मौत से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने अपने पिता, मां और पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में अकील ने बताया था कि उसने अपने पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंधों का खुलासा किया था। इस खुलासे के बाद, परिवार ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उसे फंसाने और जान से मारने की साजिश रची जा रही थी।
शमशुद्दीन चौधरी, जो रजिया सुल्ताना के पड़ोसी बताए जा रहे हैं, ने कहा कि अकील के वीडियो में यह स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है कि उसने अपनी हत्या की आशंका भी व्यक्त की थी। चौधरी का कहना है कि अब जब उसकी अचानक मौत हुई है, तो यह संदिग्ध मृत्यु (फाउल प्ले) का मामला बनता है और इसमें सभी पहलुओं की जांच बेहद जरूरी है।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में मांग की है कि पुलिस वीडियो फुटेज, डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की गहन जांच करे ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने पंचकूला पुलिस से निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई की अपील की है।
इस घटना ने न केवल पंजाब के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि पुलिस विभाग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह मामला एक पूर्व DGP के परिवार से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर अकील का कथित वीडियो वायरल हो चुका है, और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में कौन-से तथ्य सामने आते हैं और क्या यह मामला किसी बड़े खुलासे की ओर बढ़ेगा।
Author1