रादौर ज्वेलर्स लूटकांड में बड़ा एक्शन: पुलिस और लुटेरों में मुठभेड़, तीन को लगी गोली, चार गिरफ्तार, एएएसआई भी बाल बाल बचा

रादौर के शाकुंभरी ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कांजनू पुल पर मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हुए, जबकि CIA-2 इंचार्ज बाल-बाल बचे।

रादौर ज्वेलर्स लूटकांड में बड़ा एक्शन:  पुलिस और लुटेरों में मुठभेड़, तीन को लगी गोली, चार गिरफ्तार, एएएसआई भी बाल बाल बचा

शाकुंभरी ज्वेलर्स में लाखों की लूट के मामले में चार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

कांजनू पुल पर घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीन घायल

CIA-2 इंचार्ज राकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, बाल-बाल बची जान


रादौर के मेन बाजार स्थित शाकुंभरी ज्वेलर्स पर पिछले दिनों हुई लाखों रुपए की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांजनू पुल के पास आरोपियों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच दोनों ओर से क्रॉस फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। वहीं चौथे आरोपी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपियों की पहचान इंद्री निवासी रवि, सोनीपत के गन्नौर निवासी सतबीर और पवन उर्फ पुन्ना के रूप में हुई है। चौथे आरोपी प्रवीण को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित है। मुठभेड़ में घायल तीनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

घायल बदमाश को अस्पताल में लेकर जाती पुलिस।

बदमाशों की गोली CIA-2 इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी

मुठभेड़ के दौरान CIA-2 प्रभारी राकेश भी बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक बदमाशों की ओर से चलाई गई एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट ने गोली का असर रोक लिया और उनकी जान बच गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं पहनी होती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच हुई फायरिंग से मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू किया। तीनों घायल आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

एक घायल बदमाश दर्द से कहराता दिखा।

CCTV फुटेज और साइबर इनपुट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

रादौर ज्वेलर्स लूटकांड के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। स्थानीय थाना पुलिस के साथ CIA-1, CIA-2 और साइबर टीम लगातार मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर इनपुट का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। तकनीकी और साइबर इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल हुई। इसके बाद आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाकर कार्रवाई की योजना तैयार की गई।

कांजनू पुल पर मौजूद होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को आज सूचना मिली कि लूटकांड से जुड़े आरोपी कांजनू पुल के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों की ओर से गोलीबारी होने के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। क्रॉस फायरिंग के दौरान रवि, सतबीर और पवन उर्फ पुन्ना के पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने तीनों को काबू कर लिया। वहीं उनके साथ मौजूद प्रवीण को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

लाखों की लूट के बाद से लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं टीमें

रादौर के मुख्य बाजार में स्थित शाकुंभरी ज्वेलर्स पर हुई लाखों रुपए की लूट के बाद से यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू की थी।

स्थानीय पुलिस के साथ अपराध जांच शाखाओं और साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया। अब मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों की गिरफ्तारी को इस मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की ओर से आरोपियों से पूछताछ के बाद लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी सामने आ सकती है।