BJP जॉइन करते ही राघव चड्ढा को बड़ा डिजिटल झटका!, 1 मिलियन फॉलोअर्स गायब
AAP छोड़ BJP में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा को बड़ा झटका लगा है। 24 घंटे में 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स कम हुए, सोशल मीडिया पर नाराजगी देखने को मिली।
➤ AAP छोड़ BJP में गए नेता को सोशल मीडिया पर बड़ा झटका
➤ 24 घंटे में 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स कम हुए
➤ यूथ के बीच छवि को लगा बड़ा झटका, तीखी प्रतिक्रियाएं
देश की राजनीति में बड़ा डिजिटल झटका सामने आया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर BJP में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा को सोशल मीडिया पर भारी नुकसान झेलना पड़ा है। महज 24 घंटे के भीतर उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स कम हो गए।
बताया जा रहा है कि पहले उनके करीब 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे, जो घटकर लगभग 13.3 मिलियन रह गए। यह गिरावट खास तौर पर इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि राघव चड्ढा की पहचान युवा और शहरी मतदाताओं के बीच एक डिजिटल पॉलिटिकल आइकन के रूप में रही है।
उनके इस राजनीतिक फैसले के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने उनके फैसले को “धोखा” बताया, तो कुछ ने खुलकर नाराजगी जताई और अनफॉलो करने की मुहिम तक चला दी।
वहीं, AAP नेताओं की ओर से भी आरोप लगाए गए हैं कि राघव चड्ढा ने अपने पुराने सोशल मीडिया पोस्ट हटा दिए हैं, जिनमें उन्होंने BJP और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी। हालांकि राघव चड्ढा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनके खिलाफ साजिश बताया है।
राघव चड्ढा की लोकप्रियता का बड़ा कारण उनका शांत, डेटा आधारित और मुद्दों पर केंद्रित राजनीति करना माना जाता रहा है। उन्होंने संसद में महंगाई, टैक्स, डिलीवरी वर्कर्स और आम लोगों के मुद्दे उठाकर युवाओं के बीच खास पहचान बनाई थी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद यह साफ हो गया है कि पार्टी बदलने का असर सिर्फ राजनीतिक समीकरणों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि डिजिटल इमेज और जनभावनाओं पर भी सीधा असर डालता है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि राघव चड्ढा इस नुकसान की भरपाई कैसे करते हैं।
Akhil Mahajan