हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजील की मॉडल ने 22 बार डाला वोट, राहुल का दावा-हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी, हर 8 में से 1 फर्जी
राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। कहा—25 लाख वोट चोरी, वोटर लिस्ट में ब्राजील की मॉडल का नाम, हर 8 में से 1 वोट फर्जी।
-
राहुल गांधी बोले—हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजील की मॉडल का नाम और 22 बार वोटिंग
-
कांग्रेस का दावा—हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी, हर 8 में से 1 वोट फर्जी
-
राई सीट पर भाजपा की कृष्णा गहलावत की जीत, कांग्रेस ने उठाए फर्जी वोट के आरोप
कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजील की एक मॉडल का नाम शामिल है, जिसने राई विधानसभा सीट पर 10 बूथों में 22 बार वोट डाला।
राहुल गांधी ने कहा कि मॉडल के नाम वोटर लिस्ट में अलग-अलग रूपों में दर्ज हैं—सीमा, सरस्वती, स्वीटी, रश्मि और विमला। यह सीट भाजपा उम्मीदवार कृष्णा गहलावत ने जीती थी। राहुल ने सवाल उठाया कि “ब्राजील की मॉडल हरियाणा की वोटर लिस्ट में क्या कर रही है?”
राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में करीब 25 लाख वोट चोरी हुए हैं। उनके मुताबिक, 5,21,619 डुप्लीकेट वोटर, 93,174 गलत एड्रेस वाले वोटर और 19,26,351 बल्क वोटर हैं। उन्होंने कहा—“हर 8 में से 1 वोट फर्जी है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 8 विधानसभा सीटों पर लगभग 22 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा। यह वही वोट हैं जो चोरी किए गए। राहुल ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग ने कांग्रेस को फॉर्म-6 और 7 का डेटा नहीं दिया, जिससे हटाए या जोड़े गए वोटर्स की सटीक संख्या नहीं बताई जा सकती।
राहुल गांधी ने राई विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां एक ही महिला की धुंधली फोटो कई जगह लगी है, जिससे यह पता नहीं चलता कि वोटर कौन है। एक महिला दो पोलिंग बूथों पर 223 बार नजर आई। राहुल ने आरोप लगाया कि “ब्लर फोटो लगाकर वोट चोरी की गई।”
उन्होंने कहा कि “0 हाउस नंबर” वाले वोटरों की भी जांच होनी चाहिए। राहुल ने बताया कि ऐसे लोगों को बिना पते का दिखाकर छिपाया गया, ताकि वे फर्जी तरीके से वोट डाल सकें।
कांग्रेस नेता ने पलवल और होडल इलाकों के उदाहरण देते हुए कहा कि “एक घर में 66 और कुछ जगहों पर 100 से ज्यादा वोटर दर्ज थे।” इनमें से कई घर भाजपा नेताओं के बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का नियम है कि अगर एक घर में 10 से ज्यादा वोटर हैं, तो वेरिफिकेशन जरूरी है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
राहुल गांधी ने डबल स्टेट वोटर का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 5 लाख से ज्यादा ऐसे वोटर हैं जिनका वोट दूसरे राज्यों में भी है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि दालचंद और उनके बेटे यूपी और हरियाणा दोनों जगह वोटर हैं और दोनों भाजपा समर्थक हैं।
राहुल ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कई सही वोटर्स के वोट डिलीट कर दिए गए, जिनमें ज्यादातर कांग्रेस समर्थक थे। उन्होंने राई विधानसभा के मिलकपुर गांव के पांच वोटरों का वीडियो दिखाया, जिन्होंने कहा कि लोकसभा में उनकी वोट थी, लेकिन विधानसभा में गायब कर दी गई।
राहुल गांधी ने एक QR कोड भी दिखाया, जिसे स्कैन करने पर ब्राजीलियन मॉडल का पेज खुलता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक उदाहरण है कि कैसे डिजिटल डेटा का दुरुपयोग करके 25 लाख वोट चोरी किए गए।
हालांकि, जिस मॉडल की तस्वीर दिखाई गई, वह वास्तव में एक ऑनलाइन फोटोग्राफर द्वारा अपलोड की गई स्टॉक इमेज है, जो इंटरनेट पर फ्री और पेड दोनों रूपों में उपलब्ध है। मॉडल की असली पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
Author1