राहुल गांधी की यात्रा से पहले हरियाणा कांग्रेस में बढ़ी कंट्रोवर्सी

राहुल गांधी की गुरुग्राम यात्रा से पहले हरियाणा कांग्रेस में विवाद बढ़ गया है। हुड्डा गुट के तीन विधायकों ने बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा से दूरी बना ली है।

राहुल गांधी की यात्रा से पहले हरियाणा कांग्रेस में बढ़ी कंट्रोवर्सी

राहुल गांधी की हरियाणा यात्रा से पहले कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी खींचतान

हुड्डा गुट के तीन विधायकों ने बनाई दूरी

गोकुल सेतिया का तंज- BJP में मलाई खाकर दाढ़ी बढ़ा लो

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी खांडसा चौक से एक किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे और इसके बाद एसडी स्कूल के सामने जनसभा को संबोधित करेंगे। लेकिन राहुल गांधी के दौरे से पहले ही हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है।

गुरुग्राम में लोकल नेताओं ने राहुल गांधी के स्वागत में पोस्टर लगाए हैं। अधिकतर पोस्टरों में बृजेंद्र सिंह का नाम और फोटो भी गायब है। - Dainik Bhaskar

दरअसल, सिरसा जिले से कांग्रेस के तीन विधायकों ने इस यात्रा से दूरी बना ली है। इनमें हुड्डा गुट से जुड़े कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल और सिरसा विधायक गोकुल सेतिया शामिल हैं।

सिरसा विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर तीखा तंज कसते हुए लिखा कि “भाजपा में मलाई खाकर दाढ़ी बढ़ा लो और फिर राहुल गांधी को बुला लो।” उनके इस बयान के बाद हरियाणा कांग्रेस की राजनीति और गर्मा गई है।

गुरुग्राम में राहुल गांधी के आगमन के लिए लगाए गए पोस्टर।

वहीं विधायक शीशपाल केहरवाला और भरत सिंह बेनीवाल ने कार्यक्रम में न जाने की वजह निमंत्रण न मिलना बताया। दोनों नेताओं का कहना है कि उन्हें पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक आमंत्रण नहीं मिला, इसलिए वे गुरुग्राम नहीं जा रहे।

हालांकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने 6 मई को राहुल गांधी का दौरा फाइनल होने के बाद सभी कांग्रेस नेताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए पत्र जारी किया था। इससे पहले उन्होंने बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा को निजी कार्यक्रम बताया था।

बृजेंद्र सिंह ने यह यात्रा पिछले साल 5 अक्टूबर को शुरू की थी। वह अब तक 83 विधानसभा हलकों में पदयात्रा कर चुके हैं। उनकी यात्रा को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर देखा जा रहा है।

बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। बीरेंद्र सिंह किसान नेता सर छोटूराम के नाती हैं। बृजेंद्र सिंह पूर्व IAS अधिकारी भी रह चुके हैं। उन्होंने 1998 की सिविल सेवा परीक्षा में 9वीं रैंक हासिल की थी।

साल 2014 में बीरेंद्र सिंह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2019 में बृजेंद्र सिंह ने नौकरी से इस्तीफा देकर भाजपा के टिकट पर हिसार लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि 2024 में पिता-पुत्र दोनों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया।

राहुल गांधी के दौरे से पहले गुरुग्राम में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। खास बात यह रही कि कई पोस्टरों में बृजेंद्र सिंह की फोटो और नाम गायब नजर आए। इसे लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस बीच बृजेंद्र सिंह ने पोस्टरों से अपनी फोटो गायब होने पर कहा कि उन्हें पोस्टरों में अपनी तस्वीर देखने का कोई शौक नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राहुल गांधी को सद्भाव यात्रा से जोड़ना है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा शुरू से कांग्रेस के झंडे तले निकाली जा रही है और किसी के बयान से इसका स्वरूप नहीं बदल सकता। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि जो नेता पहले सवाल उठा रहे थे, अब वही यात्रा में शामिल होंगे।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर गुरुग्राम में सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट हैं। एसडी स्कूल के सामने मंच तैयार किया गया है और कार्यक्रम स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं।