➤ वॉट्सएप वॉइस नोट के जरिए जान से मारने की धमकी
➤ करोड़ों रुपये की फिरौती नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी
➤ बांद्रा स्थित घर के बाहर सुरक्षा बढ़ी, साइबर सेल जांच में जुटी
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मंगलवार को रणवीर सिंह को एक व्हाट्सएप वॉइस नोट के जरिए यह धमकी दी गई, जिसमें आरोपी ने खुद को गंभीर अपराध से जुड़ा बताते हुए करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी मिलने के तुरंत बाद मुंबई पुलिस ने स्थिति को गंभीर मानते हुए रणवीर सिंह के बांद्रा स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे वॉइस नोट में आरोपी ने साफ तौर पर कहा है कि यदि बड़ी रकम नहीं दी गई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इस वॉइस नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि आवाज के सैंपल और तकनीकी डिटेल्स के जरिए आरोपी तक पहुंचा जा सके। मुंबई पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं और वॉट्सएप नंबर की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
यह मामला इसलिए भी ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में 31 जनवरी को फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें पांच राउंड फायर किए गए थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि रणवीर सिंह को मिली धमकी का उस घटना से कोई सीधा संबंध है या फिर यह महज डर फैलाने की साजिश है। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
इस बीच रणवीर सिंह इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म धुरंधर की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उन्होंने एक अंडरकवर एजेंट की भूमिका निभाई है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। एक्शन, ड्रामा और इमोशन से भरपूर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक यह रणवीर सिंह के करियर की बड़ी सफल फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म की सफलता के बाद अब दर्शकों की निगाहें धुरंधर 2 पर टिकी हैं, जिसे और बड़े स्केल पर बनाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे समय में मिली यह धमकी मुंबई पुलिस और फिल्म इंडस्ट्री दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है।