रेखा शर्मा के बयान पर 16 जिलों में शिकायत, हिसार में आज सर्वसमाज की बैठक
रेखा शर्मा के विवादित बयान पर हरियाणा के 16 जिलों में शिकायत दर्ज हुई। हिसार में सर्वसमाज की बैठक में आगे की रणनीति और FIR की मांग पर फैसला होगा।
➤ रेखा शर्मा के बयान पर 16 जिलों में शिकायत दर्ज
➤ कुलदीप समर्थकों ने FIR की मांग तेज की
➤ हिसार में आज सर्वसमाज की बड़ी बैठक
हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के बयान को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद अब प्रदेश के 16 जिलों में शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं।
हिसार में 26 अप्रैल को बिश्नोई मंदिर में हुई बैठक में लिए गए फैसले के बाद यह विरोध तेज हुआ है। भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई के समर्थकों ने राज्यभर में एकजुट होकर विभिन्न जिलों में पुलिस प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपे हैं और सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
शिकायत देने वाले जिलों में भिवानी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, कैथल (कलायत), करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, अंबाला, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इसी कड़ी में आज हिसार के बिश्नोई मंदिर में सर्वसमाज की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी और आंदोलन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
गौरतलब है कि 24 अप्रैल को पंचकूला में एक जनसभा के दौरान रेखा शर्मा ने पूर्व सीएम भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि “इस क्षेत्र में बदमाशी करके चुनाव जीते गए।” इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया।
इस मामले में चंद्रमोहन ने रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भी भेजा है। वहीं भाजपा ने इस पूरे विवाद से दूरी बनाते हुए इसे सांसद की व्यक्तिगत राय बताया है।
उधर, भजनलाल के बेटे और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हम समंदर हैं, हमें खामोश रहने दो, अगर मचल गए तो शहर ले डूबेंगे।” उनके इस बयान के बाद सियासी माहौल और गर्म हो गया है।
Akhil Mahajan