नई Duster के लिए R-Pass का फायदा: सस्ती कीमत से लेकर जल्दी डिलीवरी तक खास मौका
नई रेनॉल्ट डस्टर के लिए R-Pass के जरिए ग्राहक कम कीमत, प्राथमिकता डिलीवरी और कई अतिरिक्त फायदे प्राप्त कर सकते हैं।
■ R-Pass से ₹10.29 लाख से शुरू होगी नई Duster की कीमत
■ ₹21 हजार में मिलेगा प्री-बुकिंग और प्राथमिकता डिलीवरी का फायदा
■ 31 मार्च 2026 तक ही उपलब्ध है यह खास ऑफर
नई दिल्ली। ऑटो सेक्टर में एक बार फिर हलचल मचाते हुए Renault ने अपनी नई जनरेशन Renault Duster को लॉन्च कर दिया है। इस एसयूवी की कीमत आम ग्राहकों के लिए 10.49 लाख रुपये से लेकर 18.49 लाख रुपये तक तय की गई है, लेकिन कंपनी ने प्री-बुकिंग ग्राहकों के लिए एक खास R-Pass सिस्टम पेश किया है, जो खरीद प्रक्रिया को आसान और किफायती बनाता है।
कंपनी के इस विशेष ऑफर के तहत ग्राहक R-Pass के जरिए नई डस्टर को 10.29 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर रिजर्व कर सकते हैं। इसके लिए ग्राहकों को ₹21,000 का भुगतान करना होगा, जो पूरी तरह रिफंडेबल है या फिर कार की अंतिम कीमत में समायोजित किया जा सकता है। हालांकि यह पास किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है।
R-Pass को एक प्रीमियम प्री-बुकिंग सिस्टम के रूप में पेश किया गया है, जिससे ग्राहक आम बुकिंग शुरू होने से पहले ही अपनी कार सुरक्षित कर सकते हैं। इसके साथ कई अतिरिक्त फायदे भी दिए जा रहे हैं, जिनमें सबसे बड़ा फायदा है प्राथमिकता वाली डिलीवरी, यानी जिन ग्राहकों के पास R-Pass होगा, उन्हें गाड़ी पहले मिलेगी।
इसके अलावा ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार वेरिएंट, इंजन और रंग चुन सकते हैं, जिससे उन्हें अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कार लेने में आसानी होगी। कंपनी अलग-अलग वेरिएंट पर ₹20,000 से ₹50,000 तक के अतिरिक्त फायदे भी दे रही है, जिससे कुल मिलाकर यह ऑफर काफी आकर्षक बन जाता है।
अगर बुकिंग प्रक्रिया की बात करें तो ग्राहक Renault India की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी शोरूम के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया में ग्राहक को अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, पता और संपर्क नंबर दर्ज करना होता है, साथ ही इंजन ऑप्शन और डीलरशिप का चयन करना होता है। भुगतान के लिए UPI और कार्ड दोनों विकल्प उपलब्ध हैं।
डिलीवरी को लेकर कंपनी ने स्पष्ट किया है कि टर्बो पेट्रोल वेरिएंट की डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू हो जाएगी। वहीं, एक हाइब्रिड वर्जन को इस साल दिवाली तक लॉन्च करने की योजना है, जिसकी डिलीवरी नवंबर या दिसंबर 2026 में शुरू होने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, R-Pass उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है जो नई डस्टर को जल्दी और बेहतर कीमत पर खरीदना चाहते हैं।
Akhil Mahajan