केमिकल टैंकर पलटा, आग की चपेट में आई कार; 2 कारोबारियों की मौत, 2 गंभीर

रेवाड़ी के बनीपुर चौक (NH-48) पर केमिकल से भरे टैंकर के पलटने से आग लग गई। इसकी चपेट में आई कार में सवार 2 कारोबारियों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

केमिकल टैंकर पलटा, आग की चपेट में आई कार; 2 कारोबारियों की मौत, 2 गंभीर

रेवाड़ी में केमिकल टैंकर पलटने से भीषण आग
कार में सवार 2 कारोबारियों की जिंदा जलकर मौत
2 गंभीर घायल, दिल्ली एम्स रेफर, हाईवे घंटों बंद



रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बनीपुर चौक (NH-48) पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें आग लग गई। आग की चपेट में पीछे से आ रही क्रेटा कार आ गई। हादसे में कार सवार गाजियाबाद के दो कारोबारियों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया है।

घटना के बाद हाईवे पर मौजूद एम्बुलेंस और क्रेन।

हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। बताया गया कि केमिकल से भरा टैंकर दिल्ली से अजमेर जा रहा था। जैसे ही वह बनीपुर चौक के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया। टैंकर सड़क पर पलट गया और उसमें भरे केमिकल के रिसाव से अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि पीछे चल रही क्रेटा कार इसकी चपेट में आ गई।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रात 12:36 बजे घटना की सूचना मिली। तुरंत मौके पर दो गाड़ियां भेजी गईं। स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार चारों लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने संजीव अग्रवाल (41, दिलशाद गार्डन निवासी) और अंशु मित्तल (40, पंचवटी निवासी) को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आग बुझाने के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया था ताकि अन्य वाहन इसकी चपेट में न आएं। रात करीब 2 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया और हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। इस बीच, हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।